रायपुर दौरे पर शिवराज – विरोध के अलावा विपक्ष के पास कुछ नहीं

Madhya Bharat Desk
3 Min Read

रायपुर।केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपने एक दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे के दौरान कांग्रेस पार्टी पर जमकर निशाना साधा। वीबी-जी राम जी योजना को लेकर हो रहे विरोध पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि विपक्ष की राजनीति अब केवल विरोध तक सिमट कर रह गई है, जबकि केंद्र सरकार गरीबों, किसानों और मजदूरों के हित में लगातार काम कर रही है।

कांग्रेस के अंदरूनी कलह पर कटाक्ष

केंद्रीय मंत्री ने कांग्रेस की अंदरूनी राजनीति पर भी तंज कसते हुए कहा कि पहले काका-बाबा के बीच संघर्ष चलता था और अब पार्टी अध्यक्ष तथा पूर्व मुख्यमंत्री के बीच मतभेद सामने आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि सत्ता और नेतृत्व की इस लड़ाई का नुकसान पार्टी के जमीनी कार्यकर्ताओं को उठाना पड़ रहा है।

रोजगार और ग्राम विकास को लेकर बड़ा दावा

शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि केंद्र सरकार ने मनरेगा के तहत रोजगार के दिनों को 100 से बढ़ाकर 125 कर दिया है, ताकि ग्रामीण परिवारों को अधिक काम और आय मिल सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि गांवों के विकास के लिए मिलने वाली हर राशि का उपयोग पूरी पारदर्शिता के साथ किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि विकसित भारत ग्राम योजना (जी राम जी) के तहत ग्राम पंचायत स्तर पर विकास योजनाएं तैयार की जाएंगी, जिससे गांव आत्मनिर्भर बन सकें।

किसानों और युवाओं से सीधा संवाद

रायपुर एयरपोर्ट पहुंचने के बाद केंद्रीय मंत्री दुर्ग रवाना हुए, जहां उन्होंने किसान मेले में भाग लिया। इसके अलावा ग्राम गिरहोला और खपरी में कृषि फार्म का दौरा कर प्रगतिशील खेती के प्रयोगों को देखा।

उन्होंने खेतों में जाकर किसानों से सीधा संवाद करने और पौधरोपण कार्यक्रम में शामिल होने की बात कही। साथ ही ‘यंग लीडर’ कार्यक्रम के तहत दिल्ली प्रवास से लौटे युवाओं से भी बातचीत करेंगे।

कृषि योजनाओं पर होगी उच्चस्तरीय बैठक

31 जनवरी को रायपुर मंत्रालय में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और कृषि मंत्री राम विचार नेताम के साथ केंद्रीय मंत्री की उच्चस्तरीय बैठक प्रस्तावित है। इस बैठक में कृषि और ग्रामीण विकास से जुड़ी योजनाओं की समीक्षा की जाएगी और केंद्र-राज्य के संयुक्त सहयोग से नई कृषि कार्ययोजना तैयार की जाएगी।

ग्रामीण विकास के काम गिनाए

शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि छत्तीसगढ़ में ग्रामीण विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। प्रदेश में अब तक करीब 18 लाख प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत किए जा चुके हैं और उनके निर्माण कार्य में तेजी लाई गई है।

केंद्रीय बजट पर भरोसा

इतिहास में पहली बार रविवार को पेश होने वाले केंद्रीय बजट को लेकर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में यह बजट आत्मनिर्भर और समृद्ध भारत की दिशा में एक मजबूत कदम साबित होगा, जो देश की विकास रफ्तार को और तेज करेगा।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment