रायपुर।छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के भनपुरी इलाके में सेंधवार तालाब के पास महतारी चौक पर उस समय माहौल गरमा गया, जब एक मकान में करीब 30 लोगों के जुटने की सूचना मिली। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि धार्मिक कार्यक्रम की आड़ में मतांतरण कराया जा रहा था। साथ ही हिंदू देवी-देवताओं को लेकर आपत्तिजनक बातें किए जाने का भी आरोप लगाया गया।
मामले की जानकारी मिलते ही छत्तीसगढ़ बजरंग दल के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। कार्यकर्ताओं ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और वहां मौजूद करीब 12 लोगों को पूछताछ के लिए थाने ले गई।
थाने में भी हुआ हंगामा
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तीन नामजद लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। हालांकि बजरंग दल के कार्यकर्ताओं का कहना है कि पुलिस ने पुराने कानूनों के तहत कार्रवाई की है, जबकि उनका आरोप है कि प्रदेश में लागू नए धार्मिक स्वतंत्रता कानून के तहत मामला दर्ज होना चाहिए।
इसी मांग को लेकर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता खमतराई थाने में मौजूद रहे और कार्रवाई की मांग करते रहे।
पुलिस कर रही पूछताछ
पुलिस ने मकान से मिले लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही पूरे मामले से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है। घटना के बाद इलाके में मतांतरण को लेकर एक बार फिर विवाद गरमा गया है। पुलिस प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की बात कही है।






