रायपुर/झांसी। छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव बुधवार को उत्तर प्रदेश में एक सड़क हादसे का शिकार हो गए। यह हादसा झांसी-ललितपुर हाईवे पर उस समय हुआ, जब वह परिवार के साथ बागेश्वर धाम के दर्शन कर वापस लौट रहे थे। हादसे में उनके कमर और पैर में चोटें आई हैं। उन्हें तुरंत झांसी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत फिलहाल स्थिर है और वे खतरे से बाहर हैं।
जानकारी के मुताबिक, गुरु पूर्णिमा के अवसर पर किरण सिंह देव अपने परिवार के साथ बागेश्वर धाम गए थे। दर्शन के बाद लौटते समय झांसी-ललितपुर हाईवे पर सामने से आ रहे एक वाहन को बचाने की कोशिश में उनके चालक ने अचानक ब्रेक लगाया। इससे कार का संतुलन बिगड़ गया और वह सामने चल रहे ट्रक से जा टकराई।
हादसे के समय किरण सिंह देव के साथ उनकी सुरक्षा में तैनात पीएसओ भी कार में मौजूद थे, जबकि परिवार के बाकी सदस्य दूसरी गाड़ी में सफर कर रहे थे। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से उन्हें तुरंत झांसी मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया।
हेलीकॉप्टर से रायपुर लाने की तैयारी
सूत्रों के अनुसार, किरण सिंह देव को गंभीर चोटें नहीं आई हैं और डॉक्टर लगातार उनकी निगरानी कर रहे हैं। उन्हें हेलीकॉप्टर के जरिए रायपुर लाने की तैयारी की जा रही है। वहीं, हादसे में उनके चालक को भी चोटें आई हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। हालांकि, घटना को लेकर अभी तक प्रशासन या भाजपा की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।





