महादेव ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क से जुड़े लोगों की मुश्किलें लगातार बढ़ती नजर आ रही हैं। श्रीलंका में कथित ऑनलाइन सट्टा ऑपरेशन से जुड़े एक ठिकाने पर स्थानीय पुलिस की कार्रवाई के बाद भारत के 147 युवकों को हाउस अरेस्ट किए जाने की खबर सामने आई है। इनमें भिलाई, दुर्ग, रायपुर, राजनांदगांव के अलावा उत्तर प्रदेश और बिहार के युवक भी शामिल बताए जा रहे हैं। सभी के पासपोर्ट और वीजा जब्त कर जांच की जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, महादेव नेटवर्क से जुड़े कथित ऑपरेटर सिकंदर प्रसाद ने युवकों को प्राइवेट कंपनी में नौकरी दिलाने का झांसा देकर श्रीलंका भेजा था। परिवारों को बताया गया था कि उन्हें 45 हजार रुपये महीने की सैलरी के साथ रहने और खाने की सुविधा मिलेगी। लेकिन कार्रवाई के बाद कई परिवारों को पता चला कि उनके बच्चे कथित तौर पर ऑनलाइन सट्टा पैनल में काम कर रहे थे।
सिकंदर की तलाश में पुलिस
सूत्रों के अनुसार, श्रीलंका में हुई कार्रवाई की जानकारी मिलने के बाद सिकंदर प्रसाद दुबई से भारत लौट आया और फिलहाल फरार बताया जा रहा है। पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है। उस पर पहले भी ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क चलाने से जुड़े आरोप लग चुके हैं।
दुबई में भी बढ़ा दबाव
सूत्रों के मुताबिक, महादेव ऐप के कथित प्रमोटरों सौरभ चंद्राकर और रवि उप्पल के खिलाफ भारतीय एजेंसियां कार्रवाई की प्रक्रिया आगे बढ़ा रही हैं। एजेंसियों ने दुबई में उनकी कथित संपत्तियों और गतिविधियों से जुड़ी जानकारी भारतीय दूतावास के जरिए साझा की है। बताया जा रहा है कि वहां भी कार्रवाई तेज हो गई है।
छावनी सीएसपी प्रशांत पैकरा ने बताया कि ऑनलाइन सट्टा संचालन के संदेही सिकंदर के जन्मदिन की पार्टी होने की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी, लेकिन वह वहां नहीं मिला। फिलहाल पुलिस उसके संभावित ठिकानों पर लगातार तलाश कर रही है।






