जगदलपुर। बस्तर जिले के पुलिस अधीक्षक कार्यालय में पदस्थ 3 कर्मचारियों द्वारा अपने ही विभाग के कर्मचारियों के वेतन में गड़बड़ी करने का मामला सामने आया है। जांच में पता चला कि इन तीनों ने करीब 3 करोड़ 54 लाख रुपये की हेराफेरी की। इसके बाद कोतवाली थाना में मामला दर्ज कराया गया। एक सप्ताह से ज्यादा चली जांच के बाद सोमवार को तीनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया।
बताया जा रहा है कि पुलिस अधीक्षक कार्यालय की वेतन शाखा, स्थापना शाखा और ट्रेजरी विभाग में पदस्थ 3 कर्मचारियों हेमंत मैथ्यू, गिरीश राय और राजकुमार कतलम द्वारा साल 2023 से पुलिस जवानों के वेतन से धीरे-धीरे रकम में हेरफेर किया जा रहा था। रकम बढ़ने और कुछ अन्य गतिविधियों पर अधिकारियों को शक हुआ, जिसके बाद मामले की जांच शुरू की गई।

ऑडिट के दौरान एक-एक कर कई रिकॉर्ड सामने आए और गड़बड़ियों का खुलासा होने लगा। इस मामले को लेकर थाना कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई गई। करोड़ों रुपये की हेराफेरी की जानकारी मिलते ही विभाग में हड़कंप मच गया। इसके बाद मामले से जुड़े कर्मचारियों से लगातार पूछताछ की गई।
ऑडिटर की जांच में पूरे मामले का खुलासा हुआ। इसके बाद वेतन शाखा से लेकर ट्रेजरी और अन्य विभागों में पदस्थ कर्मचारियों की जांच की गई। जांच में 3 करोड़ 54 लाख रुपये की हेराफेरी सामने आई। पुलिस ने मामले में शामिल तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
इस मामले में बस्तर पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा ने कहा कि मामले से जुड़े तीनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है। साथ ही मामले की विस्तृत जांच अभी जारी है।






