छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री साय सरकार की नई CM हेल्पलाइन 1076 शुरू होते ही लोगों की बड़ी संख्या में शिकायतें सामने आने लगी हैं। सिर्फ पांच दिनों के अंदर ही इस हेल्पलाइन पर 15,434 शिकायतें दर्ज हो चुकी हैं।
इन शिकायतों में सबसे ज्यादा मामले जमीन, बिजली और नगरीय सुविधाओं से जुड़े हुए हैं।
राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग से सबसे अधिक 2,470 शिकायतें आई हैं। इनमें नामांतरण, सीमांकन और भू-अभिलेख से जुड़ी समस्याएं प्रमुख हैं।
नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग से 2,058 शिकायतें दर्ज हुई हैं, जिनमें सड़क, नाली, सफाई और स्ट्रीट लाइट जैसी समस्याएं शामिल हैं।
ऊर्जा विभाग से 1,921 शिकायतें मिली हैं, जिनमें बिजली आपूर्ति, ट्रांसफॉर्मर खराबी और नए कनेक्शन की समस्याएं सामने आई हैं।
इसके अलावा पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग से 1,509 और खाद्य विभाग से 1,235 शिकायतें दर्ज की गई हैं। खाद्य विभाग की शिकायतों में राशन कार्ड और पात्रता से जुड़ी दिक्कतें प्रमुख हैं।
कुल मिलाकर देखा जाए तो लगभग हर दूसरी शिकायत बुनियादी सुविधाओं जैसे पानी, बिजली, सड़क और जमीन से जुड़ी समस्याओं को लेकर दर्ज की जा रही है।





