बिलासपुर में अवैध खनन और कोयले के कारोबार पर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर के निर्देश पर खनिज विभाग की टीम लगातार जिलेभर में छापेमार कार्रवाई कर रही है। इसी अभियान के तहत लिम्हा इलाके में एक अवैध कोल डिपो को सील करते हुए करीब 1500 मीट्रिक टन कोयला जब्त किया गया। इसके अलावा दो जेसीबी, एक लोडर और पांच हाईवा समेत कुल 9 वाहनों पर भी कार्रवाई की गई है।
खनिज विभाग के मुताबिक 26 मई को ग्राम लिम्हा स्थित मेसर्स कश्यप कोल डिपो की जांच की गई। जांच में सामने आया कि डिपो की भंडारण अनुमति खत्म हो चुकी थी, इसके बावजूद वहां कोयले का कारोबार जारी था। इसके बाद विभाग ने तुरंत कार्रवाई करते हुए डिपो को सील कर दिया और मौके से एक ट्रेलर वाहन के साथ भारी मात्रा में रखा कोयला जब्त कर लिया।
कार्रवाई के दौरान वहां मौजूद लोडर मशीन को भी सील किया गया। वहीं जांच के दौरान खनन क्षेत्र की शासकीय जमीन पर बिना अनुमति खनिज उत्खनन करते हुए दो जेसीबी मशीनें भी पकड़ी गईं। दो हाईवा वाहन चालक कार्रवाई के दौरान वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए, जिसके बाद विभाग ने वाहनों को वहीं सील कर दिया।
जब्त किए गए ट्रेलर और दोनों जेसीबी मशीनों को रतनपुर थाना परिसर में रखा गया है, जबकि लोडर और हाईवा वाहनों को मौके पर ही सील किया गया है।
इसके अलावा 27 मई को पचपेड़ी, लावर और मस्तूरी क्षेत्रों में भी संयुक्त जांच अभियान चलाया गया। जांच के दौरान पचपेड़ी क्षेत्र में अवैध रूप से चूना पत्थर परिवहन करते एक हाईवा वाहन को पकड़ा गया, जबकि लावर इलाके में रेत परिवहन करते दो हाईवा जब्त किए गए।
खनिज विभाग का कहना है कि अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी। इसके लिए खनिज, राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम संवेदनशील इलाकों में लगातार निगरानी कर रही है, ताकि अवैध कारोबार पर सख्ती से रोक लगाई जा सके।





