रायपुर, 12 नवंबर 2025। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने रायपुर निवास कार्यालय में पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि बिहार की जनता ने एक बार फिर सुशासन और विकास के पक्ष में मतदान किया है। एग्जिट पोल के रुझानों में NDA को प्रचंड बहुमत मिलता दिख रहा है, जिससे यह साफ है कि लोगों ने जंगलराज की राजनीति को नकारते हुए स्थिर और विकासोन्मुख सरकार को प्राथमिकता दी है।
अरुण साव ने कहा कि “बिहार की जनता ने डबल इंजन की सरकार पर भरोसा जताया है। लोगों ने कांग्रेस की नकारात्मक राजनीति को खारिज कर विकास के मॉडल को चुना है। जनता को अब पता है कि कौन वादे निभाता है और कौन सिर्फ बातें करता है।”
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए साव ने कहा कि “महतारी को हर महीने 500 रुपये देने का वादा करने वाली कांग्रेस पांच साल में एक किस्त भी नहीं दे पाई, जबकि विष्णु देव सरकार ने माताओं-बहनों को अब तक 21 किस्तें दे दी हैं। इसके बावजूद कांग्रेस सवाल उठा रही है, जो उसकी नकारात्मक मानसिकता को दर्शाता है।”
उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस को अब झूठ फैलाना बंद कर देना चाहिए। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) पर निराधार आरोप लगाना लोकतंत्र के साथ खिलवाड़ है। निर्वाचन आयोग के निर्देश पर अधिकारी घर-घर जाकर फार्म भरवा रहे हैं और यह प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता के साथ की जा रही है।
अरुण साव ने कहा कि बीजेपी और एनडीए का एजेंडा साफ है — “विकास, सुशासन और विश्वास।” बिहार की जनता ने एक बार फिर यह संदेश दे दिया है कि उन्हें वादे नहीं, काम चाहिए।







