असम विधानसभा चुनाव के नतीजों का दिन राज्य की सियासत के लिए बेहद अहम साबित होता दिख रहा है। 9 अप्रैल को एक चरण में हुए मतदान के बाद जारी मतगणना के शुरुआती रुझानों में भाजपा गठबंधन ने जोरदार बढ़त बना ली है।
कुल 126 सीटों में से 123 सीटों के रुझानों के अनुसार, भाजपा गठबंधन 93 सीटों पर आगे चल रहा है, जबकि कांग्रेस गठबंधन 28 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। इन आंकड़ों से साफ है कि भाजपा राज्य में लगातार तीसरी बार सरकार बनाने की ओर बढ़ रही है।
हाई प्रोफाइल सीटों की बात करें तो
- गौरव गोगोई जोरहाट सीट से बढ़त बनाए हुए हैं।
- वहीं हिमंता बिस्वा सरमा जालुकबारी सीट पर एकतरफा बढ़त के साथ आगे चल रहे हैं। यह सीट भाजपा का गढ़ मानी जाती है, जहां से सरमा पिछले 25 सालों से विधायक हैं।
इस बीच कांग्रेस नेता गौरव गोगोई ने मतगणना प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए प्रशासन पर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी पूरे राज्य में हर दौर की निगरानी कर रही है और किसी भी गड़बड़ी की सूचना तुरंत जुटाई जा रही है। साथ ही EVM सुरक्षा और चुनाव आयोग की भूमिका पर भी चिंता जताई।
मैजिक नंबर 64:
असम में सरकार बनाने के लिए 64 सीटों का आंकड़ा जरूरी है। मौजूदा रुझानों में भाजपा गठबंधन इस आंकड़े से काफी आगे नजर आ रहा है, जिससे उसकी सत्ता में वापसी लगभग तय मानी जा रही है।
अगर ये रुझान नतीजों में बदलते हैं, तो भाजपा असम में लगातार तीसरी बार सरकार बनाकर मजबूत राजनीतिक पकड़ का संदेश देगी।



