भोजपुर जिले की बड़हरा विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार राघवेंद्र प्रताप सिंह ने शुक्रवार को जबरदस्त शक्ति प्रदर्शन के साथ नामांकन दाखिल किया। अनुमंडल कार्यालय में नामांकन पत्र सौंपते समय उनके साथ हजारों समर्थक और कार्यकर्ता जुलूस के रूप में मौजूद रहे, जिससे माहौल पूरी तरह भाजपा रंग में रंग गया।
नामांकन जुलूस में भोजपुरी सिनेमा के सुपरस्टार और भाजपा सांसद मनोज तिवारी की मौजूदगी ने माहौल में उत्साह और जोश भर दिया। मंच से संबोधित करते हुए मनोज तिवारी ने कहा कि “राघवेंद्र प्रताप सिंह एक सच्चे जननेता हैं, जिन्होंने हमेशा जनता की समस्याओं को प्राथमिकता दी है।” उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे घर-घर जाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विकास नीतियों को जन-जन तक पहुंचाएं।
नामांकन के बाद मीडिया से बातचीत में राघवेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि उन्हें भरोसा है कि बड़हरा की जनता भाजपा के पक्ष में एकजुट होकर मतदान करेगी। उन्होंने कहा, “जो कार्य अधूरे रह गए हैं, उन्हें पूरा करना मेरी पहली प्राथमिकता होगी।”
उन्होंने आगे बताया कि आरा-छपरा रेलवे लाइन और स्थायी पीपा पुल का निर्माण कराया जाएगा ताकि ग्रामीणों को बरसात के दौरान आवाजाही में कठिनाई का सामना न करना पड़े। राघवेंद्र ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बिहार तेजी से विकास की राह पर है और अब बड़हरा भी उसी दिशा में अग्रसर होगा।



