रायपुर: जनसेवा को प्राथमिकता देते हुए पश्चिम विधायक और पूर्व मंत्री राजेश मूणत के जन्मदिन पर इस बार शहर में एक बड़ा स्वास्थ्य अभियान आयोजित किया जा रहा है। भाजपा चिकित्सा प्रकोष्ठ, जिला रायपुर की ओर से शुरू हो रहे इस विशेष कार्यक्रम में स्वास्थ्य सेवाओं को आम लोगों तक पहुंचाने की कोशिश की जा रही है।
भाजपा चिकित्सा प्रकोष्ठ के रायपुर जिला संयोजक डॉ. सत्येंद्र पांडेय ने बताया कि अभियान के तहत रायपुर के अलग-अलग इलाकों में करीब 50 क्लिनिकों में एक साथ मुफ्त स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों में अनुभवी डॉक्टर मरीजों की जांच करेंगे और उन्हें जरूरी परामर्श भी देंगे। इसके साथ ही आवश्यक दवाइयां भी निशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी।
शिविरों में खास तौर पर मौसमी बीमारियों, एलर्जी, स्किन प्रॉब्लम, पाचन संबंधी दिक्कतों और जोड़ों के दर्द जैसी समस्याओं पर विशेषज्ञ सलाह दी जाएगी। बदलते मौसम को ध्यान में रखते हुए लोगों को लू, आई फ्लू (कंजक्टिवाइटिस) और चिकनपॉक्स से बचाव के लिए होम्योपैथिक दवाइयां भी मुफ्त दी जाएंगी।

इस पहल को और प्रभावी बनाने के लिए कोटा स्थित खंडेलवाल पॉलीक्लिनिक में उन्नत जांच सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। यहां जरूरतमंद मरीजों के लिए एक्स-रे, सीटी स्कैन, एमआरआई और अन्य पैथोलॉजी जांच बिना किसी शुल्क के की जाएगी। यह सुविधा खासकर उन लोगों के लिए राहत लेकर आएगी जो आर्थिक कारणों से महंगी जांच नहीं करवा पाते।
रक्तदान शिविर भी होगा खास आकर्षण
इस सेवा अभियान के तहत एक बड़े रक्तदान शिविर का आयोजन भी किया जा रहा है। भाजपा चिकित्सा प्रकोष्ठ और सेन समाज के सहयोग से यह कार्यक्रम आयोजित होगा। इसका संचालन डॉ. मनोज ठाकुर के नेतृत्व में किया जा रहा है।
यह रक्तदान शिविर देवेंद्र नगर स्थित अपना ब्लड बैंक (गुजराती स्कूल के सामने) में सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक चलेगा। आयोजकों ने नागरिकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर रक्तदान करें और जरूरतमंद मरीजों की मदद करें।
सेवा दिवस के रूप में मनाया जाएगा जन्मदिन
आयोजकों का कहना है कि इस आयोजन का उद्देश्य जन्मदिन को सेवा दिवस के रूप में मनाना है, ताकि समाज के हर वर्ग खासकर जरूरतमंद और आर्थिक रूप से कमजोर लोगों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाई जा सकें।
सभी शिविरों में उचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई है, जिससे लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। साथ ही शहरवासियों से अपील की गई है कि वे अपने नजदीकी स्वास्थ्य शिविर में जाकर इस मुफ्त सुविधा का लाभ उठाएं और रक्तदान कर समाज सेवा में भागीदारी निभाएं।



