फेसबुक पर दोस्ती करना पड़ा भारी, छत्तीसगढ़ में निवेश का झांसा देकर महिला अधिकारी के उड़ा ले गए 90 लाख रुपए

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

रायपुर। छत्तीसगढ़ में साइबर अपराध लगातार विकराल रूप लेता जा रहा है। अब तक आम नागरिक ही इसका शिकार बनते रहे हैं, लेकिन इस बार ठगों ने प्रदेश की एक वरिष्ठ महिला अधिकारी को अपने जाल में फंसा लिया। आर्थिक एवं सांख्यिकी संचालनालय में कार्यरत डिप्टी डायरेक्टर माया तिवारी से एक ठग महिला ने करीब 90 लाख रुपये की ठगी कर ली।

जानकारी के अनुसार, माया तिवारी की मुलाकात फेसबुक पर ‘जारा अली खान’ नाम की महिला प्रोफाइल से हुई। दोनों के बीच संवाद बढ़ने पर उस महिला ने खुद को एक ऑनलाइन ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म “बुल मार्केट्स योर गेटवेज” से जुड़ा बताया और भारी मुनाफे का प्रलोभन दिया।

महिला अधिकारी को झांसे में लेकर अलग-अलग बैंक खातों में कई बार में कुल 90 लाख रुपये से अधिक की राशि ट्रांसफर करवाई गई। शुरुआत में मुनाफे का झांसा दिया गया, लेकिन जब संदेह हुआ और पैसे वापस मांगे गए, तो आरोपी महिला ने रकम लौटाने से इनकार कर दिया।

मामले की शिकायत राखी थाना में दर्ज की गई है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी और आईटी एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है और बैंक खातों व सोशल मीडिया प्रोफाइल्स की जांच शुरू कर दी है।

राज्य में साइबर अपराध की बढ़ती घटनाएं शासन के लिए भी गंभीर चुनौती बन गई हैं। हाल ही में विधानसभा के मानसून सत्र में भी यह मुद्दा उठा था। उप मुख्यमंत्री और गृह मंत्री विजय शर्मा ने सदन में बताया था कि पिछले 18 महीनों में प्रदेश में 107 करोड़ रुपये से ज्यादा की ऑनलाइन ठगी के मामले दर्ज हुए हैं। इन्हें रोकने के लिए सभी जिलों में विशेष साइबर सेल का गठन किया जा रहा है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment