भगवान राम-परशुराम और डॉ. भीमराव अंबेडकर पर कमेंट्स, GGU में भिड़े लॉ स्टूडेंट्स

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

छत्तीसगढ़ के गुरु घासीदास सेंट्रल यूनिवर्सिटी (GGU), बिलासपुर में लॉ स्टूडेंट्स के बीच सोशल मीडिया पर शुरू हुआ विवाद हिंसा में बदल गया। मामला इतना बढ़ गया कि छात्रों के बीच जमकर मारपीट हो गई।

जानकारी के अनुसार, कुछ छात्रों के बीच इंस्टाग्राम चैट पर भगवान राम, परशुराम और डॉ. भीमराव अंबेडकर को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियां की गईं। इन टिप्पणियों से अन्य छात्रों की भावनाएं आहत हुईं और उन्होंने विरोध जताया। देखते ही देखते यह विवाद व्यक्तिगत झगड़े से आगे बढ़कर हिंसक झड़प में बदल गया।

शुक्रवार रात जब ये चैट्स वायरल हुईं, तो कई छात्र स्वामी विवेकानंद हॉस्टल के बाहर इकट्ठा हो गए और प्रदर्शन शुरू कर दिया। स्थिति तेजी से बिगड़ी और छात्रों के बीच हाथापाई हो गई। मौके पर मौजूद सुरक्षा कर्मियों ने स्थिति संभालने की कोशिश की, लेकिन तब तक तनाव बढ़ चुका था।

विश्वविद्यालय प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कोनी थाना में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने इस पूरे मामले में FIR दर्ज कर ली है और जांच शुरू कर दी है। वहीं, अनुशासनहीनता के आरोप में चार छात्रों को हॉस्टल से निष्कासित कर दिया गया है।

इस घटना के बाद बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने भी यूनिवर्सिटी पहुंचकर प्रदर्शन किया और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि धार्मिक भावनाओं को बार-बार आहत किया जा रहा है।

गौरतलब है कि हाल के महीनों में GGU परिसर में कई विवाद सामने आए हैं चाहे वह नमाज और होली से जुड़े मुद्दे हों, या छात्रों की संदिग्ध मौतें और आत्महत्या के मामले। इन घटनाओं ने विश्वविद्यालय की कानून-व्यवस्था और प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

विश्वविद्यालय के मीडिया सेल प्रभारी डॉ. मनीष श्रीवास्तव के अनुसार, मामले की जांच के लिए एक समिति गठित कर दी गई है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment