रायपुर। छत्तीसगढ़ में गर्मी अब आम लोगों की सहनशक्ति से बाहर होती जा रही है। हालात ऐसे हैं जैसे आसमान से धूप नहीं, बल्कि आग बरस रही हो। शनिवार को प्रदेश का राजनांदगांव 45.5 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ दुनिया के सबसे गर्म शहरों की सूची में सातवें स्थान पर दर्ज हुआ।
वहीं राजधानी रायपुर भी पीछे नहीं रहा। यहां तापमान 45.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जिससे यह दुनिया के टॉप-15 सबसे गर्म शहरों में शामिल हो गया। दोपहर तक स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि करीब 2:30 बजे ही पारा 43.8 डिग्री को पार कर गया था।

मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल राहत मिलने के कोई संकेत नहीं हैं। रविवार को भी तापमान में ज्यादा बदलाव की उम्मीद नहीं है और प्रदेश के मध्य इलाकों में लू जैसे हालात बने रहेंगे।
हालांकि बस्तर संभाग के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश, तेज हवाएं और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है, जिससे वहां थोड़ी राहत मिल सकती है। लेकिन बाकी क्षेत्रों में लोगों को अभी भी तेज गर्मी और लू का सामना करना पड़ेगा।



