रायपुर। दुर्ग-भिलाई से रायपुर आने-जाने वाले यात्रियों के लिए एक अहम अपडेट सामने आया है। नेशनल हाईवे-53 पर कुम्हारी टोल के पास स्थित खारून नदी का पुल मरम्मत के लिए आज से बंद कर दिया गया है। यह काम करीब एक महीने तक चलेगा, जिसके कारण इस रूट पर ट्रैफिक व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है।
प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस मार्ग को फिलहाल वन-वे कर दिया है। साथ ही ट्रैफिक को सुचारू बनाए रखने के लिए 44 से ज्यादा पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।
अगर आप रोजाना इस रूट से सफर करते हैं, तो अब आपको थोड़ा रूट बदलकर और समय लेकर निकलना होगा।
दुर्ग से रायपुर जाने वाले इन रास्तों का करें इस्तेमाल:
रायपुर एयरपोर्ट, नया रायपुर, मंत्रालय या अभनपुर जाने वाले वाहन चालक सेलूद–पाटन–अभनपुर मार्ग से जा सकते हैं।
वहीं दुर्ग, भिलाई, रिसाली और उतई से आने वाले लोग सेलूद–फूंडा–जामगांव–मोतीपुर–अमलेश्वर होकर रायपुर पहुंच सकते हैं।
चरोदा, कुम्हारी और भिलाई-3 से आने वाले यात्रियों के लिए सिरसा गेट–मोतीपुर–अमलेश्वर रूट बेहतर विकल्प रहेगा।
कुम्हारी और अहिरवार क्षेत्र से आने वाले लोग उरला–खमरिया–अमलेश्वर मार्ग का उपयोग कर सकते हैं।
रायपुर से दुर्ग जाने वालों के लिए डायवर्जन:
रायपुर से दुर्ग जाने वाले कार और बाइक चालक चंदनीडीह से बाएं मुड़कर पुराने रपटा पुल का इस्तेमाल कर कुम्हारी टोल तक पहुंच सकते हैं।
इसके अलावा भटगांव से अमलेश्वर–मोतीपुर होते हुए भी दुर्ग और भिलाई की ओर जाया जा सकता है।
थोड़ा समय लेकर निकलें:
पुलिस ने साफ कहा है कि जो लोग एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन, अस्पताल या परीक्षा जैसे जरूरी काम से निकल रहे हैं, वे अतिरिक्त समय लेकर घर से निकलें ताकि किसी तरह की परेशानी से बचा जा सके।
इस दौरान ट्रैफिक में बदलाव के चलते थोड़ी असुविधा जरूर होगी, लेकिन यह काम पूरा होने के बाद सफर पहले से ज्यादा सुरक्षित और सुगम हो जाएगा।



