रायपुर से रीवा के बीच पहली हवाई सेवा 17 मार्च से शुरू

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

रायपुर। छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश के बीच हवाई संपर्क को मजबूत करने की दिशा में एक नया कदम उठाया गया है। रायपुर से पहली बार मध्यप्रदेश के रीवा के लिए नियमित फ्लाइट सेवा शुरू होने जा रही है।

एयरलाइन कंपनी Alliance Air 17 मार्च से रायपुर-रीवा के बीच उड़ान सेवा शुरू करेगी। इस नई सेवा के शुरू होने के बाद छत्तीसगढ़ के यात्रियों को मध्यप्रदेश के एक और शहर के लिए हवाई यात्रा की सुविधा मिल जाएगी।

मध्यप्रदेश में पहले से ही भोपाल और इंदौर के लिए उड़ान उपलब्ध है। अब रीवा तीसरा शहर बन जाएगा, जहां से छत्तीसगढ़ के यात्री सीधे हवाई सफर कर सकेंगे।

एयरलाइन ने इस फ्लाइट के लिए ऑनलाइन टिकट बुकिंग शुरू कर दी है। शुरुआती किराया रायपुर से रीवा के लिए करीब 3614 रुपए तय किया गया है, जबकि रीवा से रायपुर आने का शुरुआती किराया 4293 रुपए रखा गया है। हालांकि सीटों की उपलब्धता और मांग के अनुसार किराया बदल सकता है।

फिलहाल यह उड़ान सप्ताह में तीन दिन मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को संचालित की जाएगी। यात्रियों की संख्या और मांग बढ़ने पर भविष्य में इसकी आवृत्ति बढ़ाई जा सकती है।

एयरलाइन के अनुसार दिल्ली से आने वाली फ्लाइट पहले रीवा पहुंचेगी और वहां से रायपुर के लिए रवाना होगी। इसी तरह रायपुर से उड़ान भरने के बाद विमान पहले रीवा पहुंचेगा और फिर वहां से दिल्ली के लिए आगे की यात्रा करेगा।

नई हवाई सेवा शुरू होने से छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश के यात्रियों को आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी और दोनों राज्यों के बीच व्यापार व पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment