रायपुर में शनिवार को राजनीतिक तापमान अचानक बढ़ गया, जब भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस कार्यालय का घेराव करने की कोशिश की। मामला नई दिल्ली में आयोजित वैश्विक ‘एआई समिट’ के दौरान हुए विरोध प्रदर्शन से जुड़ा है, जिसे लेकर भाजपा युवा मोर्चा ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है।
दरअसल, नई दिल्ली में आयोजित ‘एआई समिट’ के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए प्रदर्शन को भाजयुमो ने “अमर्यादित” और “देश की छवि को नुकसान पहुंचाने वाला” बताया। इसी के विरोध में भाजयुमो छत्तीसगढ़ इकाई ने रायपुर में कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन के घेराव का ऐलान किया।
प्रदर्शनकारी कार्यकर्ता शंकर नगर स्थित भारत माता चौक पर एकत्रित हुए। यहां से रैली के रूप में वे राजीव भवन की ओर कूच करने लगे। जैसे ही जुलूस आगे बढ़ा, पुलिस ने शंकर नगर चौक पर बैरिकेडिंग कर रास्ता रोक दिया।
पुलिस की रोक के बावजूद कई कार्यकर्ता बैरिकेड्स के ऊपर चढ़ गए और उन्हें हटाने की कोशिश की। इस दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक और धक्का-मुक्की देखने को मिली। हालात को संभालने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया।

कुछ देर बाद कार्यकर्ता सड़क पर बैठ गए और कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। माहौल तनावपूर्ण जरूर रहा, लेकिन स्थिति को नियंत्रण में रखा गया।
भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरिहा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने एआई समिट के दौरान ऐसा प्रदर्शन किया जिससे अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत की छवि को ठेस पहुंची। उन्होंने कहा कि इस कृत्य के विरोध में राहुल गांधी का पुतला भी दहन किया गया।

वहीं प्रदेश मीडिया प्रभारी वासु शर्मा ने कहा कि देश जब तकनीक और विकास के क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है, तब ऐसे विरोध प्रदर्शन देशहित के खिलाफ हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि राष्ट्र की गरिमा पर आंच आई तो भाजयुमो सड़कों पर उतरकर विरोध करेगा।







