बेमेतरा। छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले से देर रात एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। खम्हारिया थाना क्षेत्र के ग्राम बरगा में आयोजित एक शादी समारोह के दौरान भाजपा नेता और पूर्व सरपंच नोहर साहू पर ब्लेड से जानलेवा हमला कर दिया गया। इस अचानक हुए हमले से पूरे गांव में दहशत का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार, नोहर साहू विवाह कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। इसी दौरान गांव के ही एक युवक ने अचानक उन पर गले के पास ब्लेड से वार कर दिया। हमला इतना तेज था कि साहू के गले में गहरा घाव हो गया और वे मौके पर ही लहूलुहान हो गए। समारोह में मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें संभाला और इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।
प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें रायपुर रेफर कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार, गले पर गहरी चोट आई है और उनकी हालत फिलहाल नाजुक बनी हुई है।
ग्रामीणों का दावा है कि हमला करने वाला युवक गांव के वर्तमान सरपंच का बेटा है। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच पहले से किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। हालांकि, पुलिस ने अभी तक किसी पुरानी रंजिश की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
घटना के बाद आरोपी युवक फरार बताया जा रहा है। खम्हारिया थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इस वारदात के बाद ग्राम बरगा में तनाव का माहौल है। एहतियातन पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि स्थिति नियंत्रण में बनी रहे।







