रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय 10 और 11 नवंबर को दो दिवसीय गुजरात दौरे पर हैं। इस दौरे का मुख्य उद्देश्य गुजरात मॉडल की सफल विकास योजनाओं, तकनीकी नवाचारों और निवेश नीतियों का अध्ययन करना है, ताकि इन्हें छत्तीसगढ़ में लागू करने की संभावनाओं का पता लगाया जा सके। मुख्यमंत्री साय का यह दौरा राज्य में सुशासन और निवेश के नए अवसरों की दिशा में एक अहम पहल माना जा रहा है।
अपने प्रवास की शुरुआत में मुख्यमंत्री साय गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल से मुलाकात करेंगे। दोनों मुख्यमंत्रियों के बीच शासन, प्रशासनिक दक्षता, तकनीकी उपयोग और निवेश नीति जैसे विषयों पर विस्तृत चर्चा होगी। सूत्रों के अनुसार, इस मुलाकात को छत्तीसगढ़ में गुड गवर्नेंस मॉडल को और सशक्त करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम के रूप में देखा जा रहा है।
मुख्यमंत्री साय गुजरात सरकार के डैशबोर्ड-आधारित जन शिकायत निवारण तंत्र और इन्वेस्टमेंट पॉलिसी के कार्यप्रणाली का भी विस्तार से अध्ययन करेंगे। इस पहल का उद्देश्य छत्तीसगढ़ में भी ऐसी पारदर्शी और प्रभावी प्रणाली लागू करना है, जिससे निवेशकों और आम नागरिकों को त्वरित समाधान मिल सके।
अपने दौरे के दौरान मुख्यमंत्री साय NAMTECH ग्लोबल स्किल कॉलेज का भी दौरा करेंगे, जहाँ वे युवाओं के कौशल विकास, प्रशिक्षण और रोजगार से जुड़ी व्यवस्थाओं का अनुभव लेंगे। इस अनुभव का उपयोग छत्तीसगढ़ में नई स्किल डेवलपमेंट पॉलिसी तैयार करने में किया जा सकता है।
साय अपने कार्यक्रम में साबरमती रिवरफ्रंट और स्टैच्यू ऑफ यूनिटी का भी अवलोकन करेंगे। राज्य सरकार का मानना है कि गुजरात की सौंदर्यीकरण और पर्यटन परियोजनाओं से प्रेरणा लेकर छत्तीसगढ़ में भी पर्यटन और शहरी सौंदर्यीकरण को बढ़ावा दिया जा सकता है।
11 नवंबर को मुख्यमंत्री साय भारत पर्व कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इसके बाद वे सीएम इन्वेस्टर्स कनेक्ट कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे, जहाँ गुजरात के उद्योगपतियों और निवेशकों से वन-टू-वन मुलाकात करेंगे। इस कार्यक्रम का उद्देश्य छत्तीसगढ़ में नए निवेश के अवसर और औद्योगिक सहयोग की संभावनाओं को तलाशना है।
मुख्यमंत्री साय का यह दौरा न केवल दो राज्यों के बीच विकास और निवेश के आदान-प्रदान को मजबूत करेगा, बल्कि छत्तीसगढ़ में विकास और पारदर्शी शासन के नए द्वार भी खोलेगा।


