असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने अवैध बांग्लादेशी घुसपैठ के मुद्दे पर एक बार फिर कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने साफ कहा कि असम में “मिया” का अर्थ बांग्लादेशी घुसपैठिया है और उन्हें राज्य से बाहर करने के लिए सरकार पूरी ताकत लगा रही है।
मुख्यमंत्री ने इसे असम के अस्तित्व की लड़ाई बताते हुए कहा कि यह मुद्दा राजनीति का नहीं, बल्कि असमिया समाज के जीवन-मरण का प्रश्न है। राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए सरमा ने कहा कि चाहे एक नहीं, हजार राहुल गांधी भी विरोध करें, वे अपने अभियान से पीछे नहीं हटेंगे।
‘मिया मुसलमानों’ पर दिए बयान को लेकर उठे विवाद पर सरमा ने कहा कि कांग्रेस नेताओं को असम के मूल निवासियों की नहीं, बल्कि अवैध बांग्लादेशी प्रवासियों की चिंता है। उन्होंने साफ किया कि यह शब्द किसी भारतीय समुदाय के खिलाफ नहीं, बल्कि अवैध घुसपैठ की सच्चाई को उजागर करने के लिए इस्तेमाल किया गया है।
मुख्यमंत्री ने सुप्रीम कोर्ट के हवाले से चेतावनी दी कि अवैध प्रवासियों के कारण असम की जनसांख्यिकीय संरचना बदल रही है, जिससे राज्य की सांस्कृतिक पहचान और राष्ट्रीय सुरक्षा पर गंभीर खतरा पैदा हो रहा है। उन्होंने दोहराया कि घुसपैठियों को हर हाल में असम छोड़ना होगा।







