एक ही दिन में MP–CG के चार जिला न्यायालयों को बम से उड़ाने की धमकी

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

रायपुर।मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ में एक ही दिन के भीतर चार जिला न्यायालयों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। छत्तीसगढ़ के दुर्ग, बिलासपुर और राजनांदगांव, जबकि मध्यप्रदेश के रीवा जिला न्यायालय को धमकी भरा ई-मेल भेजे जाने की पुष्टि हुई है।

धमकी की जानकारी मिलते ही संबंधित न्यायालय परिसरों में अफरातफरी का माहौल बन गया। एहतियातन सभी कोर्ट परिसरों को तत्काल खाली कराया गया। न्यायाधीशों, अधिवक्ताओं, कर्मचारियों और वहां मौजूद आम लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

सूचना के तुरंत बाद पुलिस बल, बम निरोधक दस्ता (बॉम्ब स्क्वॉड) और डॉग स्क्वॉड मौके पर पहुंच गया। पूरे न्यायालय परिसर की गहन तलाशी ली जा रही है। फिलहाल किसी भी कोर्ट परिसर से संदिग्ध वस्तु मिलने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

 साइबर सेल कर रही ई-मेल की जांच

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, धमकी ई-मेल के माध्यम से भेजी गई है। मेल भेजने वाले की पहचान और उसकी लोकेशन का पता लगाने के लिए साइबर सेल की मदद ली जा रही है। शुरुआती जांच में इसे दहशत फैलाने की साजिश या अफवाह फैलाने का प्रयास माना जा रहा है, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां हर पहलू से मामले की गंभीरता से जांच कर रही हैं।

तीनों जिलों में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। अगली सूचना तक न्यायालयों का सामान्य कामकाज प्रभावित रह सकता है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति को लेकर आधिकारिक जानकारी साझा की जाएगी।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment