रायपुर।शेयर बाजार में तगड़ा रिटर्न दिलाने के नाम पर साइबर ठगों ने ओडिशा के एक नामी कारोबारी को करीब 2 करोड़ रुपये की चपत लगा दी। ठगी की यह साजिश सोशल मीडिया मैसेंजर प्लेटफॉर्म के जरिए रची गई, जहां निवेश से जुड़े लुभावने दावों और फर्जी मुनाफे के स्क्रीनशॉट दिखाकर कारोबारी को जाल में फंसाया गया।
जानकारी के मुताबिक, ओडिशा निवासी नेमीचंद जैन के मोबाइल पर कुछ महीने पहले एक संदिग्ध लिंक आया था। लिंक पर क्लिक करते ही वे एक ऑनलाइन निवेश ग्रुप से जुड़ गए। इस ग्रुप में शेयर ट्रेडिंग से जुड़े मैसेज, मुनाफे के दावे और खुद को सफल निवेशक बताने वाले लोगों की पोस्ट लगातार साझा की जा रही थीं।
पहले जीत, फिर बड़ा झटका
भरोसा जीतने के लिए ठगों ने शुरुआत में कारोबारी से केवल 1 लाख रुपये का निवेश कराया। कुछ ही दिनों में उन्हें 13 लाख रुपये लौटाकर यह दिखाया गया कि सिस्टम पूरी तरह भरोसेमंद है। इस शुरुआती मुनाफे ने नेमीचंद जैन का विश्वास और मजबूत कर दिया।
इसके बाद ठगों ने बड़ा लालच देते हुए कहा कि अगर 2 करोड़ रुपये निवेश किए जाएं तो महज पांच दिनों में 40 लाख रुपये का मुनाफा मिलेगा। मोटे मुनाफे के झांसे में आकर कारोबारी ने हामी भर दी।
रायपुर बुलाकर ली गई नकद रकम
ठगों ने कारोबारी को रायपुर बुलाया और फाफाडीह इलाके के पास कैश में पूरी रकम ले ली। रकम सौंपने के बाद कारोबारी ओडिशा लौट गया, लेकिन तय समय बीतने के बाद न तो मुनाफा मिला और न ही मूल राशि वापस आई।
जब नेमीचंद जैन ने संपर्क करने की कोशिश की तो सभी मोबाइल नंबर बंद मिलने लगे। इसके बाद उन्हें ठगी का एहसास हुआ और उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
कई नाम आए सामने, जांच में जुटी पुलिस
पुलिस जांच में अर्चना अग्रवाल, हर्ष, विकास साहू, सुनीता नंदा, अजय त्रिपाठी और अजित पात्रा जैसे नाम सामने आए हैं, जो अलग-अलग स्तर पर इस ठगी में शामिल बताए जा रहे हैं। पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है और साइबर ठगी के इस पूरे नेटवर्क की परतें खोलने में जुटी हुई है।







