रायपुर।छत्तीसगढ़ ने सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर नया कीर्तिमान स्थापित किया है। रायपुर जिला अस्पताल में संचालित इंटीग्रेटेड पब्लिक हेल्थ लेबोरेटरी (IPHL) को नेशनल क्वालिटी एश्योरेंस स्टैंडर्ड्स (NQAS) का प्रमाणन प्राप्त हुआ है। इसके साथ ही यह देश की पहली IPHL बन गई है, जिसे यह प्रतिष्ठित मान्यता मिली है।
इस उल्लेखनीय सफलता पर केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने छत्तीसगढ़ सरकार को बधाई दी है। उन्होंने इसे राज्य की सार्वजनिक स्वास्थ्य प्रणाली के लिए एक अहम मील का पत्थर बताते हुए कहा कि यह प्रमाणन यह दर्शाता है कि छत्तीसगढ़ अब उच्च गुणवत्ता और भरोसेमंद जांच सेवाएं उपलब्ध कराने में अग्रणी भूमिका निभा रहा है।
केंद्रीय मंत्री ने अपने संदेश में बताया कि IPHL की स्थापना प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत स्वास्थ्य अधोसंरचना मिशन (PM-ABHIM) के तहत की गई है। इस मिशन का उद्देश्य देश में स्वास्थ्य निगरानी व्यवस्था को सशक्त करना, प्रयोगशाला नेटवर्क को मजबूत बनाना और आपात परिस्थितियों से निपटने की क्षमता को बढ़ाना है। रायपुर की यह लैब आधुनिक तकनीक, उन्नत उपकरणों, प्रशिक्षित मानव संसाधन और बेहतर अधोसंरचना के बल पर राष्ट्रीय गुणवत्ता मानकों पर खरी उतरी है।
उन्होंने यह भी कहा कि रायपुर की IPHL अब देश के अन्य राज्यों के लिए एक आदर्श मॉडल बन चुकी है और छत्तीसगढ़ सरकार को इस व्यवस्था को अन्य जिलों तक विस्तार देना चाहिए।
इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए केंद्र सरकार के सहयोग के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह सफलता राज्य की मजबूत होती स्वास्थ्य सेवाओं और सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों का प्रत्यक्ष प्रमाण है। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि आने वाले समय में प्रदेश के सभी जिलों में गुणवत्तापूर्ण जांच और डायग्नोस्टिक सेवाओं को और विस्तार दिया जाएगा।
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने इसे छत्तीसगढ़ की स्वास्थ्य व्यवस्था के लिए एक ऐतिहासिक क्षण बताया। उन्होंने कहा कि यह प्रमाणन केवल एक प्रयोगशाला की उपलब्धि नहीं है, बल्कि डॉक्टरों, लैब तकनीशियनों, पैरामेडिकल स्टाफ और रायपुर जिला अस्पताल की पूरी टीम के समर्पित प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने आश्वासन दिया कि इसी मॉडल पर राज्य के अन्य जिलों में भी IPHL की स्थापना की जाएगी, ताकि आम नागरिकों को समय पर और सटीक जांच सुविधाएं मिल सकें।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य अधोसंरचना को और सुदृढ़ करने के लिए निरंतर सहयोग करता रहेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि छत्तीसगढ़ निकट भविष्य में देश के अग्रणी स्वास्थ्य सेवा प्रदाता राज्यों की श्रेणी में शामिल होगा।







