बालोद।केंद्र सरकार द्वारा पेश किए गए VB-G RAM G बिल को लेकर जनजागरण और व्यापक प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से भारतीय जनता पार्टी छत्तीसगढ़ ने प्रदेश स्तर पर विशेष अभियान की शुरुआत की है। इसके तहत भाजपा ने प्रदेश स्तरीय जनजागरण अभियान समिति का गठन किया है।
इस अभियान की कमान बालोद जिले के वरिष्ठ भाजपा नेता एवं छत्तीसगढ़ प्रदेश भाजपा के वर्तमान महामंत्री यशवंत जैन को सौंपी गई है। उन्हें VB-G RAM G जनजागरण अभियान का प्रदेश संयोजक नियुक्त किया गया है।
प्रदेश भाजपा द्वारा जारी अधिकृत पत्र के अनुसार, अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए गठित टीम में पूनम चन्द्राकर, नीलकंठ टेकाम, डॉ. राजीव सिंह, आलोक सिंह ठाकुर और कृष्णबिहारी जायसवाल को सदस्य बनाया गया है। यह टीम प्रदेशभर में अभियान की रणनीति, समन्वय और कार्यक्रमों की जिम्मेदारी संभालेगी।

VB-G RAM G बिल को मनरेगा के स्थान पर लाए गए नए कानून के रूप में देखा जा रहा है। भाजपा का उद्देश्य इस बिल से जुड़े प्रावधानों, उद्देश्यों और संभावित लाभों को आम जनता तक पहुंचाना है। इसी दिशा में पार्टी देशभर में जागरूकता अभियान चला रही है।
प्रदेश संयोजक बनाए जाने पर प्रतिक्रिया देते हुए यशवंत जैन ने कहा कि यह अभियान पूरी तरह जनहित से जुड़ा हुआ है। पार्टी नेतृत्व के मार्गदर्शन में वे बिल से संबंधित सभी पहलुओं को सरल और सहज भाषा में जनता तक पहुंचाने का प्रयास करेंगे।
उनकी नियुक्ति के बाद बालोद जिले सहित पूरे छत्तीसगढ़ में भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच उत्साह और सकारात्मक माहौल देखने को मिल रहा है।







