बीजापुर में नक्सलियों का प्रेशर IED बना ग्रामीण के लिए जानलेवा, 15 वर्षीय किशोर गंभीर रूप से घायल

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

बीजापुर। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में माओवादियों की हिंसक साजिश एक बार फिर सामने आई है। गंगालुर थाना क्षेत्र के लेंड्रा-कोरचोली जंगल में पहले से लगाए गए प्रेशर आईईडी विस्फोट की चपेट में आकर 15 वर्षीय नाबालिग ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गया।

घायल किशोर की पहचान ग्राम कोरचोली नदीपारा निवासी राम पोटाम के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, राम पोटाम सोमवार सुबह जंगल की ओर जा रहा था, तभी रास्ते में नक्सलियों द्वारा बिछाए गए प्रेशर आईईडी पर उसका पैर पड़ गया। विस्फोट इतना तेज था कि किशोर के पैर में गंभीर चोटें आईं।

घटना की सूचना मिलते ही सुरक्षाबलों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घायल को 222वीं बटालियन सीआरपीएफ कैंप, कोरचोली पहुंचाया, जहां उसे प्राथमिक उपचार दिया गया। इसके बाद बेहतर इलाज के लिए उसे जिला अस्पताल बीजापुर रेफर किया गया है।

आईईडी विस्फोट की घटना के बाद सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके में सघन सर्चिंग अभियान शुरू कर दिया है। जंगल क्षेत्र में संभावित विस्फोटकों की तलाश और उन्हें निष्क्रिय करने की कार्रवाई लगातार जारी है।

सुरक्षाबलों ने स्थानीय ग्रामीणों से अपील की है कि वे जंगल और दुर्गम इलाकों में आवाजाही के दौरान अत्यधिक सावधानी बरतें। किसी भी संदिग्ध वस्तु, गतिविधि या सामग्री की जानकारी तुरंत नजदीकी पुलिस थाना या सुरक्षा कैंप को दें।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment