दिल्ली में कांग्रेस की महारैली आज, छत्तीसगढ़ से उठे वोट चोर गद्दी छोड़ो के नारे

Madhya Bharat Desk
3 Min Read

रायपुर।दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में आज कांग्रेस की बहुप्रतीक्षित महारैली आयोजित की जा रही है, जिसे लेकर पूरे देश में जबरदस्त हलचल देखने को मिल रही है। ‘वोट चोर गद्दी छोड़ो’ के नारे के साथ होने वाली इस रैली में शामिल होने के लिए छत्तीसगढ़, जम्मू-कश्मीर, झारखंड सहित कई राज्यों से कांग्रेस कार्यकर्ता दिल्ली पहुंच चुके हैं।

छत्तीसगढ़ से वरिष्ठ नेताओं, विधायकों और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं का दल दिल्ली रवाना हुआ है। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस के सचिव दिलीप सिंह चौहान ने बताया कि यह रैली लोकतंत्र और मतदाता अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुटता का प्रतीक बनेगी।

दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेन्द्र यादव ने जानकारी देते हुए कहा कि महारैली की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने बताया कि हर बूथ से कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित की गई है। अन्य राज्यों से एक दिन पहले पहुंचे कार्यकर्ताओं के लिए ठहरने, भोजन और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। कांग्रेस सेवा दल और वॉलंटियर लगातार व्यवस्थाओं में लगे हुए हैं।

रैली के प्रचार-प्रसार के लिए दिल्ली के हर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी क्षेत्र में बैनर, पोस्टर, होर्डिंग और सोशल मीडिया अभियान चलाया गया है। देवेन्द्र यादव ने कहा कि भाजपा पर लगाए जा रहे वोट चोरी के आरोपों को जनता के सामने लाना ही इस महारैली का मुख्य उद्देश्य है।

जम्मू-कश्मीर से 1027 कार्यकर्ता रवाना

जम्मू-कश्मीर से भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं का बड़ा दल दिल्ली पहुंच रहा है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष तारिक हमीद कर्रा, कार्यकारी अध्यक्ष रमन भल्ला और प्रवक्ता रविंद्र शर्मा ने बसों को झंडी दिखाकर रवाना किया। पार्टी के अनुसार जम्मू-कश्मीर से 1027 कांग्रेसी इस रैली में शामिल होंगे।

तारिक हमीद कर्रा ने कहा कि पिछले कई चुनावों में वोट चोरी हुई है और राहुल गांधी के नेतृत्व में इस अन्याय के खिलाफ आवाज बुलंद की जा रही है। उन्होंने कहा कि यह रैली लोकतंत्र को बचाने की लड़ाई का अहम पड़ाव होगी।

झारखंड कांग्रेस की मजबूत तैयारी

झारखंड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने बताया कि रामलीला मैदान में होने वाली इस ऐतिहासिक रैली के लिए झारखंड से भी हजारों नेता और कार्यकर्ता दिल्ली पहुंच चुके हैं। उन्होंने कहा कि AICC अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी के आह्वान पर यह कार्यक्रम लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए आयोजित किया जा रहा है।

देशभर से लाखों कार्यकर्ताओं की मौजूदगी के साथ यह महारैली कांग्रेस के शक्ति प्रदर्शन और राजनीतिक संदेश का बड़ा मंच बनने जा रही है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment