बिलासपुर जिले के बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार का एक बड़ा अवसर सामने आया है। जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र, कोनी में 20 नवंबर को मेगा प्लेसमेंट कैम्प का आयोजन किया जा रहा है। इस विशेष कैम्प का उद्देश्य जिले के शिक्षित युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध कराना है। कैम्प के माध्यम से कुल 293 अलग-अलग पदों पर उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा, जिससे अनेक युवाओं को रोजगार का सीधा अवसर प्राप्त होगा।
भर्ती प्रक्रिया सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक चलेगी। इस कैम्प में चार प्रतिष्ठित निजी कंपनियां भाग लेंगी, जो फील्ड ऑफिसर, एग्रीकल्चर ब्रांच डेवलपमेंट ऑफिसर, कस्टमर सर्विस एक्जिक्यूटिव, इलेक्ट्रिशियन और फील्ड टेक्नीशियन जैसे विविध पदों पर भर्ती करेंगी। इन कंपनियों का लक्ष्य योग्य, मेहनती और उत्साही युवाओं का चयन कर उन्हें रोजगार से जोड़ना है।
रोजगार कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, इस कैम्प में 12वीं पास उम्मीदवार भी आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा किसी भी विषय में स्नातक अथवा उससे अधिक शैक्षणिक योग्यता रखने वाले इच्छुक आवेदक भी इस कैंप में हिस्सा ले सकते हैं। उम्मीदवारों को अपने साथ दो पासपोर्ट साइज फोटो, आधार कार्ड, शैक्षणिक योग्यता से संबंधित मूल व छायाप्रति प्रमाण-पत्र तथा अंकसूची लाना अनिवार्य होगा।
रोजगार पंजीयन कार्ड साथ लाना भी आवश्यक रखा गया है। इसके बिना उम्मीदवार कैम्प में भाग नहीं ले सकेंगे। अधिक जानकारी के लिए आवेदक www.erogjar.cg.gov.in वेबसाइट, छत्तीसगढ़ रोजगार ऐप अथवा जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र, कोनी बिलासपुर से संपर्क कर सकते हैं।



