भाजपा प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर रायपुर में पार्टी के नवनियुक्त संयुक्त मोर्चा अध्यक्षों ने आज औपचारिक रूप से अपना नया कार्यभार ग्रहण किया। इस अवसर पर आयोजित सम्मेलन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।
भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय ने सभी मोर्चा अध्यक्षों को बधाई देते हुए कहा कि संगठन ने जो जिम्मेदारी दी है, उसे पूरी ईमानदारी और निष्ठा से निभाना होगा। उन्होंने कहा कि भाजपा एक ऐसी पार्टी है, जो जनता के सुख-दुख में उनके साथ खड़ी रहती है। जनता तक केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को पहुंचाना हमारी प्राथमिकता है।
पवन साय ने स्पष्ट किया कि कार्यकर्ता ही पार्टी की रीढ़ होते हैं, उनकी मेहनत और समर्पण के कारण ही प्रदेश में भाजपा की सरकार बनी है। इसलिए सभी मोर्चा अध्यक्षों को कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर संगठन को और अधिक मजबूत करना होगा।
इस मौके पर भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अशोक साहू ने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए नई जिम्मेदारी को सामूहिक प्रयास से पूरा किया जाएगा। भाजपा महिला मोर्चा की नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष विभा अवस्थी ने कहा कि मातृशक्ति के सशक्तिकरण के लिए महिला कार्यकर्ता जुटकर काम करेंगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ समग्र विकास की राह पर है।
वहीं भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सत्यनारायण सिंह ने नए दायित्व के लिए आभार जताया और कहा कि संगठन की विचारधारा को मजबूती देने और समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना ही हमारा मुख्य लक्ष्य होगा।







