मध्यप्रदेश के रीवा जिले के लिए आज का दिन ऐतिहासिक बन गया, जब मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रीवा-नई दिल्ली के बीच हवाई सेवा की शुरुआत की। मुख्यमंत्री ने 72 सीटर विमान को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस नई उड़ान सेवा के शुरू होने से रीवा और दिल्ली के बीच अब हवाई सफर संभव हो गया है, जिससे क्षेत्र के व्यापार, पर्यटन और शिक्षा के क्षेत्र में नए अवसर खुलेंगे।
रीवा से दिल्ली के बीच यह उड़ान सप्ताह में तीन दिन—मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को संचालित होगी। इस सेवा का संचालन अलायंस एयर एविएशन कंपनी द्वारा किया जा रहा है। रीवा से रात 8:25 बजे उड़ान भरने वाली फ्लाइट रात 10:40 बजे दिल्ली पहुंचेगी, जबकि दिल्ली से शाम 5:25 बजे रवाना होकर रात 8 बजे रीवा उतरेगी।
किराये की श्रेणियां भी घोषित की गई हैं—रीवा से दिल्ली फर्स्ट क्लास का किराया ₹19,430, सेकेंड क्लास ₹13,130 और थर्ड क्लास ₹3,680 तय किया गया है। वहीं दिल्ली से रीवा के लिए फर्स्ट क्लास ₹19,484, सेकेंड क्लास ₹13,184 और थर्ड क्लास ₹3,734 रखा गया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस अवसर पर शुभकामना संदेश भेजते हुए कहा कि रीवा की यह पहली वाणिज्यिक हवाई सेवा विकास के एक नए युग की शुरुआत करेगी। उन्होंने कहा कि यह पहल आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को और मजबूत बनाएगी, जिससे देश का हर क्षेत्र विकास की मुख्यधारा से जुड़ सके।
प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में लिखा कि ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और प्राकृतिक वैभव के लिए प्रसिद्ध रीवा अब हवाई संपर्क से नई ऊंचाइयों को छूने जा रहा है। यह कदम न केवल रीवा बल्कि पूरे विंध्य क्षेत्र के सर्वांगीण विकास का मार्ग प्रशस्त करेगा।
हवाई सेवा शुरू होने से स्थानीय व्यापारियों को दिल्ली जैसे बड़े बाजारों से जुड़ने का अवसर मिलेगा, जिससे आर्थिक गतिविधियों में तेजी आएगी। इसके अलावा पर्यटन, स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में भी असीम संभावनाओं के द्वार खुलेंगे।
‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र के साथ शुरू हुई यह नई उड़ान सेवा निश्चित रूप से रीवा और पूरे मध्यप्रदेश को नई उड़ान देगी और आत्मनिर्भर भारत के सपने को साकार करने में अहम भूमिका निभाएगी।


