छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। तखतपुर थाना क्षेत्र के जुनापारा गांव में एक मामूली बात को लेकर पति-पत्नी के बीच हुआ विवाद खून-खराबे में बदल गया। जानकारी के अनुसार, आरोपी मिथुन मेहर और उसकी पत्नी सीमा मेहर गांव में आयोजित गौरा-गौरी पूजा कार्यक्रम में शामिल होकर देर रात घर लौटे थे।
घर आने के बाद पत्नी सीमा ने थकान की वजह से खाना बनाने से मना कर दिया। इसी बात पर पति मिथुन आग-बबूला हो उठा और दोनों के बीच झगड़ा शुरू हो गया। पहले तो मामला केवल कहासुनी तक सीमित था, लेकिन अचानक गुस्से में आए मिथुन ने अपना आपा खो दिया। उसने घर में रखी खाट की नेवाड़ (रस्सी) से पत्नी का गला घोंट दिया।
घटना इतनी तेजी से हुई कि सीमा को चीखने या मदद मांगने का मौका तक नहीं मिला। कुछ ही मिनटों में उसकी दर्दनाक मौत हो गई। पड़ोसी जब तक घर पहुंचे, तब तक बहुत देर हो चुकी थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया गया।
गांव के लोगों के अनुसार, यह विवाद बेहद मामूली कारण से शुरू हुआ था, जिसे सुनकर हर कोई स्तब्ध है। घरेलू झगड़ों से उत्पन्न ऐसी घटनाएं समाज के लिए चेतावनी हैं कि गुस्से और अहंकार के आगे मानवता और रिश्तों की कद्र खो रही है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।



