आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम जिले में स्थित काशीबुग्गा वेंकटेश्वर मंदिर में एकादशी पर्व के अवसर पर शनिवार को बड़ा हादसा हो गया। भक्तों की भारी भीड़ के बीच अचानक भगदड़ मच गई, जिसमें 12 लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में दो बच्चे और कई महिलाएं शामिल हैं। वहीं, 25 से ज्यादा श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका अस्पताल में इलाज जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मंदिर में एकादशी पर्व के कारण सुबह से ही हजारों श्रद्धालु दर्शन के लिए उमड़े हुए थे। मंदिर परिसर में जगह की कमी और लगातार बढ़ती भीड़ के चलते अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इसी दौरान सीढ़ियों के पास रेलिंग टूटने से लोग एक-दूसरे पर गिर पड़े और भगदड़ मच गई। कई महिलाएं और बच्चे बुरी तरह फंस गए, जिनमें से कुछ की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी राहत-बचाव कार्य में जुट गए। एम्बुलेंस की मदद से घायलों को नजदीकी अस्पताल भेजा गया। अधिकारियों ने बताया कि मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है। राज्य सरकार ने इस पूरे मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं और मृतकों के परिजनों को आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।
सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में मंदिर की सीढ़ियों और गलियारों में भारी भीड़ दिखाई दे रही है। हादसे के दौरान कई लोग रेलिंग टूटने से नीचे गिरते नजर आए। महिलाएं और बच्चे डर के मारे चीखते-चिल्लाते हुए बाहर निकलने की कोशिश करते देखे गए।
स्थानीय प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और शांति बनाए रखें। वहीं, मंदिर समिति ने भविष्य में भीड़ नियंत्रण के लिए विशेष सुरक्षा इंतजाम करने की बात कही है।







