अस्वस्थ मुख्यमंत्री के भरोसे बिहार नहीं चल सकता – मुकेश सहनी का नीतीश पर सीधा वार

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर बड़ा हमला बोला है। रविवार देर रात दरभंगा पहुंचे सहनी ने कहा कि बिहार के 13 करोड़ लोगों का भविष्य अब एक अस्वस्थ मुख्यमंत्री के भरोसे नहीं छोड़ा जा सकता। उन्होंने कहा कि यह व्यक्तिगत टिप्पणी नहीं है, बल्कि एक गंभीर राजनीतिक चिंता है।

सहनी ने कहा कि नीतीश कुमार अब उम्रदराज़ और शारीरिक रूप से कमजोर हो चुके हैं, इसलिए बिहार को अब नए और युवा नेतृत्व की जरूरत है। उन्होंने कहा कि जब नीतीश कुमार 2005 में पहली बार मुख्यमंत्री बने थे, तब जनता ने उन्हें अवसर दिया। 2010 तक कुछ विकास भी हुआ, लेकिन उसके बाद से बिहार पिछड़ता गया।

उन्होंने कहा, “2015 में नीतीश जी लालू यादव की बैसाखी पर लौटे, जबकि 2020 में महज 42 विधायकों के साथ भाजपा और वीआईपी के सहयोग से किसी तरह सत्ता में बने रहे। अब जनता बदलाव चाहती है।”

मनोज तिवारी के बयान पर पलटवार
सहनी ने भाजपा सांसद मनोज तिवारी के उस बयान पर भी निशाना साधा जिसमें उन्होंने कहा था कि “हमारे पास 56 इंच का सीना है।” इस पर सहनी ने तंज कसते हुए कहा, “प्रधानमंत्री के पास 56 नहीं, बल्कि 112 इंच की जुबान है। 2014 में उन्होंने विकास के सपने दिखाए, लेकिन आज देश की जनता 5 किलो राशन पर निर्भर है। वादों की सच्चाई अब सामने आ चुकी है।”

बदलाव की राजनीति की जरूरत:
वीआईपी प्रमुख ने बिहार के युवाओं से आह्वान किया कि अब समय आ गया है जब नई सोच और नए नेतृत्व को आगे लाया जाए। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता अब जाग चुकी है और आने वाले चुनावों में जनता जवाब देगी।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment