बिहार चुनाव 2025: राघोपुर-महुआ में लालू परिवार की दिलचस्प जंग, जनता देगी विकास पर फैसला

Madhya Bharat Desk
3 Min Read

पटना/वैशाली:बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में वैशाली जिला इस बार राजनीतिक रूप से सबसे अधिक सुर्खियों में है। यहां राघोपुर और महुआ सीट पर लालू प्रसाद यादव के दोनों बेटे — तेजस्वी यादव और तेज प्रताप यादव — आमने-सामने हैं। दोनों के बीच यह दिलचस्प जंग अब केवल परिवारिक नहीं, बल्कि विकास बनाम वंशवाद की जंग बन गई है।

राघोपुर, जो कभी लालू परिवार का गढ़ माना जाता था, वहां तेजस्वी यादव राजद की ओर से चुनाव मैदान में हैं। उनका मुकाबला भाजपा के सतीश यादव और जनशक्ति जनता दल के उम्मीदवार प्रेम कुमार से है। तेज प्रताप की पार्टी के प्रत्याशी को लेकर माना जा रहा है कि वह विपक्षी वोटों में सेंध लगा सकते हैं, जिससे मुकाबला त्रिकोणीय बन गया है।

स्थानीय मतदाताओं के अनुसार, इलाके में सड़क, बिजली और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाओं की कमी अब भी बनी हुई है। विकास कार्यों की धीमी रफ्तार को लेकर जनता में असंतोष है।

महुआ में मुकाबला और भी टक्कर का:
महुआ सीट पर तेज प्रताप यादव मैदान में हैं, जिनका सामना राजद के मौजूदा विधायक मुकेश रोशन और एनडीए के उम्मीदवार संजय सिंह से है। यहां के मतदाता शिक्षा, पानी और खराब सड़कों की समस्या से परेशान हैं। कई सरकारी योजनाएं अधूरी हैं और स्थानीय लोग अब काम के आधार पर वोट देने की बात कह रहे हैं।

वैशाली जिले की आठ सीटों पर कड़ा मुकाबला:
वैशाली की आठ विधानसभा सीटों — हाजीपुर, लालगंज, वैशाली, राजापाकर, महनार, पातेपुर, राघोपुर और महुआ — पर एनडीए, महागठबंधन और छोटे दलों के बीच कांटे की टक्कर है।

  • हाजीपुर: भाजपा के अवधेश सिंह बनाम राजद के देवकुमार चौरसिया
  • लालगंज: भाजपा के संजय कुमार सिंह बनाम राजद की शिवानी शुक्ला
  • वैशाली: जदयू के सिद्धार्थ पटेल बनाम राजद के अजय कुमार कुशवाहा
  • राजापाकर (अजा): जदयू के महेंद्र राम बनाम कांग्रेस की प्रतिमा कुमारी
  • महनार: जदयू के उमेश सिंह कुशवाहा बनाम राजद के रविंद्र कुमार सिंह
  • पातेपुर (अजा): राजद की प्रेमा चौधरी बनाम भाजपा के लखेंद्र कुमार रोशन

पिछली बार बराबर रही थी बाजी:
2020 में वैशाली की 8 में से 4 सीटें महागठबंधन और 4 सीटें एनडीए के खाते में गई थीं। इस बार जनता का मूड अलग दिखाई दे रहा है। लोग अब परिवार या पार्टी नहीं, बल्कि स्थानीय विकास और प्रत्याशी की कार्यशैली को देख रहे हैं।

वोटिंग की तारीख:
वैशाली जिले में मतदान 6 नवंबर को होगा।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment