नेपाल चुनाव: रैपर से नेता बने बालेन शाह की पार्टी का जलवा, 50 सीटों पर बढ़त

Madhya Bharat Desk
3 Min Read

नई दिल्ली: नेपाल में हुए आम चुनाव के बाद अब वोटों की गिनती जारी है और शुरुआती रुझानों ने सियासी माहौल को काफी दिलचस्प बना दिया है। मतगणना के शुरुआती आंकड़ों में रैपर से राजनेता बने बालेन शाह की पार्टी राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (RSP) शानदार प्रदर्शन करती नजर आ रही है।

रुझानों के मुताबिक, बालेन शाह की पार्टी करीब 50 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है, जिससे नेपाल की राजनीति में एक नया समीकरण बनता दिखाई दे रहा है। वहीं पारंपरिक दल फिलहाल काफी पीछे नजर आ रहे हैं।

नेपाल के चुनाव आयोग के अनुसार, प्रत्यक्ष प्रणाली (FPTP) के तहत 165 सीटों के परिणाम 24 घंटे के भीतर जारी किए जाने की योजना है। हालांकि पहाड़ी और दुर्गम इलाकों से मतपेटियों को मतगणना केंद्रों तक पहुंचाने में समय लगने के कारण कुछ नतीजे बाद में घोषित किए जाएंगे।

लगभग 60 प्रतिशत मतदान

गौरतलब है कि 5 मार्च, गुरुवार को नेपाल में मतदान हुआ, जिसमें योग्य मतदाताओं में से करीब 60 प्रतिशत लोगों ने वोट डाले। इस चुनाव में 65 राजनीतिक दलों के 3400 से अधिक उम्मीदवार मैदान में हैं।

शुरुआती रुझानों में कौन आगे

अब तक सामने आए रुझानों के मुताबिक:

  • राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (RSP) – 50 सीटों पर बढ़त
  • नेपाली कांग्रेस – 4 सीटों पर आगे
  • कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ नेपाल (CPN-UML) – 3 सीटों पर बढ़त
  • श्रम शक्ति पार्टी – 1 सीट पर आगे

मतगणना के दौरान राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी ने एक सीट पर जीत भी दर्ज कर ली है।

ओली के गढ़ में भी बालेन शाह आगे

झापा निर्वाचन क्षेत्र-5 में शुरुआती मतगणना के दौरान दिलचस्प मुकाबला देखने को मिल रहा है। यहां बालेन शाह अपने प्रतिद्वंद्वी और पूर्व प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली से आगे चल रहे हैं।

कमल ग्रामीण नगरपालिका के बसबारी स्कूल और गौरादहा ग्रामीण नगरपालिका के मोती स्कूल मतदान केंद्रों की गिनती में डाले गए 1400 वोटों में से बालेन शाह को 814 वोट मिले, जबकि केपी शर्मा ओली को 384 वोट मिले हैं।

Gen-Z के नेता बनकर उभरे बालेन शाह

नेपाल की राजनीति में बालेन शाह को युवा और Gen-Z की पसंद के तौर पर देखा जा रहा है। उनके नेतृत्व में राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी का प्रदर्शन बताता है कि नेपाल की राजनीति में बदलाव की मांग बढ़ रही है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment