भाजपा का महागठबंधन पर तंज: जो सीटें नहीं बाँट सका, वह बिहार कैसे चलाएगा?

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

बिहार में विधानसभा चुनाव से पहले सियासी हलचल तेज हो गई है। महागठबंधन में अब तक सीट बंटवारे पर सहमति नहीं बनने को लेकर भाजपा ने विपक्ष पर तीखा हमला बोला है। पटना में आयोजित भाजपा मिलन समारोह के दौरान पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल ने महागठबंधन को आड़े हाथों लिया।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का बड़ा बयान
डॉ. जायसवाल ने कहा कि महागठबंधन बिहार में केवल सत्ता की राजनीति करना चाहता है, जबकि एनडीए राज्य को विकास के रास्ते पर आगे बढ़ाना चाहता है। उन्होंने कहा, “आज जननायक लोक दल पार्टी ने भी भाजपा-एनडीए को समर्थन देने की घोषणा की है। यह इस बात का प्रमाण है कि जनता बदलाव चाहती है।”

उन्होंने कहा, “जो गठबंधन अभी तक सीटों का बंटवारा तय नहीं कर सका, वह बिहार जैसी बड़ी जिम्मेदारी कैसे निभाएगा? जनता सब देख रही है और अबकी बार फिर एनडीए की सरकार बनने जा रही है।”

मिलन समारोह में कई नेता भाजपा में शामिल
भाजपा मीडिया सेंटर, पटना में आयोजित मिलन समारोह में कई नए चेहरे पार्टी में शामिल हुए। जन सुराज पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता और वेंडर्स एसोसिएशन के राज्य समन्वयक डॉ. अमित कुमार पासवान, मानस भूमि विद्यालय की निदेशक एवं पूर्व जिला पार्षद अनिता कुमारी, और जन सुराज के संस्थापक सदस्य कर्मवीर कुशवाहा ने अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ भाजपा की सदस्यता ली।

इसी कार्यक्रम में जननायक लोक दल पार्टी ने भी आगामी बिहार विधानसभा चुनाव में भाजपा-एनडीए गठबंधन को समर्थन देने की औपचारिक घोषणा की। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल ने सभी नए सदस्यों का पार्टी में स्वागत किया।

अंबेडकर छात्रावास के युवा भी भाजपा में शामिल
इसके अलावा अंबेडकर छात्रावास के कई युवाओं—आशुतोष पासवान, विकास कुमार, राहुल कुमार, टिंकू कुमार, नीतीश कुमार, कृष्णा पासवान, शिबू कुमार, तरुण कुमार और गौतम कुमार—ने भी भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।

डॉ. जायसवाल ने कहा कि भाजपा में शामिल हो रहे नए सदस्य पार्टी की ताकत को और बढ़ाएंगे तथा बिहार को विकसित राज्य बनाने के संकल्प में अहम भूमिका निभाएंगे।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment