कांग्रेस अब किसी की सीढ़ी नहीं बनेगी — पप्पू यादव का तेजस्वी यादव पर तंज, बोले- आत्मसम्मान से समझौता नहीं करेंगे

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

पूर्णिया के निर्दलीय सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने महागठबंधन के भीतर सीट बंटवारे को लेकर राजद नेता तेजस्वी यादव पर परोक्ष हमला बोला है। रविवार को सहरसा हवाई अड्डे पर पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि अब कांग्रेस किसी की खाद या सीढ़ी बनने का काम नहीं करेगी।

पप्पू यादव ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा गठबंधन धर्म का पालन किया है और सीटों को लेकर कभी खींचतान नहीं की, लेकिन आज दलित और अति पिछड़ा वर्ग से आने वाले कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के सम्मान को ठेस पहुंचाई जा रही है।

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी बिहार में “अधिकार यात्रा” के माध्यम से महागठबंधन को मजबूत करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन कुछ लोग उनके प्रयासों को कमजोर करने में लगे हैं।

तेजस्वी यादव पर परोक्ष वार करते हुए पप्पू यादव ने कहा कि जब कांग्रेस फारबिसगंज सीट से अति पिछड़ी जाति के उम्मीदवार को टिकट देती है, तब धनबल और बाहुबल वाले उम्मीदवार को उतारकर उस वर्ग का अपमान किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस के दलित प्रदेश अध्यक्ष और राहुल गांधी का अपमान वे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेंगे। पप्पू यादव ने दो टूक कहा कि बिहार की सत्ता तक कोई भी पार्टी कांग्रेस के सहयोग के बिना नहीं पहुंच सकती।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 3 नवंबर को सहरसा दौरे को लेकर भी उन्होंने निशाना साधते हुए कहा कि, “मोदी जी पिछले 16 सालों से जनता को झूठे वादों में उलझाए हुए हैं। अब जनता भ्रमित नहीं होगी।”

उन्होंने दावा किया कि बिहार की जनता महागठबंधन के साथ मजबूती से खड़ी है, लेकिन कुछ स्वार्थी नेता अपने फायदे के लिए गठबंधन को कमजोर कर रहे हैं।

अंत में उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के विचारों और कांग्रेस की नीतियों का सम्मान ही सच्चे गठबंधन धर्म का परिचय है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment