सुपौल में जनसुराज के दो प्रत्याशी चर्चा में, एक पर मारपीट तो दूसरे पर भड़काऊ भाषण का आरोप

Madhya Bharat Desk
3 Min Read

सुपौल, बिहार: विधानसभा चुनाव 2025 में जनसुराज पार्टी के दो प्रत्याशी सुपौल जिले से मैदान में उतर चुके हैं। इनमें निर्मली से रामप्रवेश कुमार यादव और सुपौल विधानसभा क्षेत्र से अनिल कुमार सिंह प्रत्याशी हैं। दोनों पर अलग-अलग आपराधिक मामले दर्ज हैं—एक पर दंगा-फसाद और मारपीट, तो दूसरे पर भड़काऊ भाषण और धमकी के आरोप हैं।

निर्मली से प्रत्याशी रामप्रवेश कुमार यादव पर छह केस दर्ज

निर्मली प्रखंड के डगमारा थाना क्षेत्र अंतर्गत ढ़ेहो आनंदपुर वार्ड-11 निवासी 42 वर्षीय रामप्रवेश कुमार यादव, वर्तमान में निर्मली के प्रखंड प्रमुख हैं। उन्होंने वर्ष 2016 में सरकारी शिक्षक पद से इस्तीफा देकर राजनीति में कदम रखा था।
शपथपत्र के अनुसार, उनके पास कुल 2 करोड़ 53 लाख 90 हजार रुपये की चल-अचल संपत्ति है। वहीं उनकी पत्नी सुनीता यादव, जो जिला पार्षद हैं, के पास लगभग 5.50 लाख रुपये की संपत्ति है।

रामप्रवेश के पास 8 एकड़ कृषि भूमि (मूल्य 90 लाख), गैर-कृषि जमीन (1.40 करोड़) और एक दो मंजिला मकान (5 लाख) है। इसके अलावा उनके पास 10 लाख की सफारी कार और 7 लाख रुपये बैंक खाते में हैं।
वीरपुर के एसडीजेएम कोर्ट में उनके खिलाफ छह मुकदमे चल रहे हैं। इनमें दंगा, मारपीट और हंगामे से जुड़े मामले शामिल हैं। जबकि सुपौल के कुनौली थाना क्षेत्र में चार केस (कांड संख्या 21/17, 44/25, 61/14, 84/23) दर्ज हैं।
उन्होंने अपनी आय का स्रोत कृषि और ईंट लघु उद्योग बताया है।

सुपौल से प्रत्याशी अनिल कुमार सिंह और पत्नी नीतू सिंह पर भी केस

सुपौल विधानसभा सीट से जनसुराज के प्रत्याशी अनिल कुमार सिंह, एलआईसी एजेंट और सदर प्रखंड के बरैल निवासी हैं। उनकी उम्र 61 वर्ष है। उन्होंने 1986 में भागलपुर विश्वविद्यालय से समाजशास्त्र में स्नातकोत्तर किया है।

अनिल के पास 59.80 लाख रुपये की संपत्ति है, जबकि उनकी पत्नी नीतू सिंह, जो सरकारी शिक्षिका हैं, 89.59 लाख रुपये की चल-अचल संपत्ति की मालकिन हैं।
अनिल के पास 1.48 लाख कैश, 2 बैंक खाते, 4 गाड़ियां (मूल्य 28 लाख), एलआईसी बीमा (26 लाख) और 15 लाख की विरासत में मिली जमीन है।

नीतू सिंह के पास 55 हजार कैश, एलआईसी बीमा (7.5 लाख), सोने-चांदी के जेवर (26.5 लाख) और 55 लाख की जमीन-मकान है।
दोनों पर कुल लगभग 28 लाख रुपये का ऋण भी है।

अनिल पर तीन मुकदमे दर्ज हैं— जिनमें गाली-गलौज, धमकी और भड़काऊ भाषण के आरोप शामिल हैं। इनमें सदर थाना कांड संख्या 949/22, 94/21 सुपौल सीजेएम कोर्ट में विचाराधीन हैं, जबकि एससी/एसटी थाना कांड संख्या 10/21 एडीजे प्रथम कोर्ट में लंबित है।

वर्ष 2025-26 में अनिल की वार्षिक आय 6.81 लाख रुपये, पत्नी नीतू की 13.79 लाख रुपये, और उनकी अधिवक्ता पुत्री की 6.74 लाख रुपये बताई गई है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment