पटना।आगामी बिहार विधानसभा चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष माहौल में संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। मतदाताओं को सुरक्षित माहौल देने के लिए इस बार तीन-लेयर सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF) के जवानों को मतदान केंद्रों के अंदर और बाहर दोनों जगह तैनात किया जाएगा, ताकि किसी भी तरह की गड़बड़ी, हिंसा या दबाव की स्थिति को रोका जा सके।
संवेदनशील और अति-संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा को और मजबूत करने के लिए घुड़सवार पुलिस दस्तों की तैनाती की जा रही है। खासकर दियारा और टाल क्षेत्रों में ये दस्ते लगातार गश्त करेंगे, जहां नदी पार और कच्चे रास्तों के कारण वाहनों की आवाजाही मुश्किल होती है।
अधिकारियों के मुताबिक, मतदान के दिन पूरे क्षेत्र में ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों से निगरानी रखी जाएगी। प्रशासन ने साफ किया है कि अफवाह फैलाने या अनुशासनहीनता दिखाने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी।
चुनाव अधिकारियों का कहना है कि इस बार की सुरक्षा व्यवस्था इतनी सुदृढ़ है कि मतदाता बिना किसी डर या दबाव के मतदान केंद्रों तक पहुंचकर स्वतंत्र रूप से वोट डाल सकेंगे। प्रशासन का मकसद है कि हर मतदाता लोकतंत्र के इस पर्व में निडर होकर अपनी भागीदारी निभाए।


