नई दिल्ली। सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने पाकिस्तान को सख्त चेतावनी दी है कि अगर वह आतंकवाद को समर्थन देना जारी रखता है तो उसे नक्शे पर अपनी मौजूदगी पर सवाल उठाना पड़ सकता है। उन्होंने साफ कहा कि भारत पूरी तरह तैयार है और इस बार ऑपरेशन सिंदूर 1.0 जैसी संयम की नीति नहीं अपनाएगा।
राजस्थान के अनूपगढ़ में जवानों को संबोधित करते हुए जनरल द्विवेदी ने कहा, “भारत एक राष्ट्र के रूप में पूरी तैयारी के साथ खड़ा है। इस बार हमारी कार्रवाई पाकिस्तान को मजबूर कर देगी कि वो सोचे कि क्या उसे भूगोल में रहना है या नहीं। यदि पाकिस्तान नक्शे पर बने रहना चाहता है तो उसे राज्य प्रायोजित आतंकवाद बंद करना होगा।”
‘जवानों को अवसर जल्द मिलेगा’
उन्होंने सेना के जवानों को संदेश देते हुए कहा, “तैयारी पूरी है, अवसर जल्द मिलेगा। अगर ईश्वर ने चाहा तो आप सभी को मौका मिलेगा। शुभकामनाएं।”
जनरल द्विवेदी ने याद दिलाया कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारत ने दुनिया के सामने पाकिस्तान के आतंकी ठिकानों के ठोस सबूत पेश किए थे। उन्होंने कहा कि अगर भारत ने यह कदम नहीं उठाया होता तो पाकिस्तान सच्चाई छिपा लेता।
‘सीमा पर नागरिक भी हैं सैनिक’
उन्होंने सीमा पर रहने वाले लोगों को लेकर कहा कि वे सिर्फ नागरिक नहीं बल्कि सैनिक हैं, क्योंकि आने वाला संघर्ष सिर्फ सेना का नहीं बल्कि पूरे राष्ट्र का है।
ऑपरेशन सिंदूर और भारत की जवाबी कार्रवाई
पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत ने 22 अप्रैल को बड़े पैमाने पर सैन्य अभियान चलाया था। इस दौरान भारतीय सेना ने पाकिस्तान और पीओके में मौजूद नौ आतंकी शिविरों को ध्वस्त किया था, जिनमें सात ठिकाने थलसेना और दो वायुसेना ने निशाना बनाए।
इससे पहले एयर चीफ मार्शल एपी सिंह ने भी जानकारी दी थी कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारतीय सेना ने अमेरिका निर्मित एफ-16 और चीन के जेएफ-17 सहित 4-5 पाकिस्तानी लड़ाकू विमानों को मार गिराया था।







