रायपुर शहर के पश्चिमी क्षेत्र के लिए विकास की दिशा में एक बड़ी सौगात मिली है। राजधानीवासियों के लिए राहतभरी खबर यह है कि पीडब्ल्यूडी विभाग ने 96 करोड़ रुपए की लागत से चार बड़ी परियोजनाओं को मंजूरी दी है। इनमें प्रमुख रूप से हीरापुर चौक और बंगाली चौक पर ओवरपास का निर्माण शामिल है, जो शहर के यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने में अहम भूमिका निभाएंगे।
इस योजना के तहत बंगाली होटल के पास जरवाय मार्ग पर 23.89 करोड़ रुपए और हीरापुर चौक पर 49.40 करोड़ रुपए की लागत से ओवरपास बनाया जाएगा। इसके साथ ही ठक्कर बापा वार्ड में 19.60 करोड़ की लागत से पानी टंकी और दानवीर भामाशाह वार्ड में 3.37 करोड़ रुपए की लागत से नया शाला भवन बनाया जाएगा। इन सभी परियोजनाओं का भूमिपूजन पीडब्ल्यूडी मंत्री अरुण साव द्वारा किया जाएगा।
रायपुर पश्चिम के विधायक राजेश मूणत ने बताया कि इन विकास कार्यों से क्षेत्र की वर्षों पुरानी जरूरतें पूरी होंगी। शाला भवन से शिक्षा की सुविधा बढ़ेगी, पानी टंकी से जनस्वास्थ्य में सुधार होगा और ओवरपास बनने से आवागमन की समस्या दूर होगी। उन्होंने कहा कि सरकार रायपुर पश्चिम को एक विकसित और सुविधाजनक क्षेत्र के रूप में आगे बढ़ाने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य कर रही है।
हीरापुर चौक पर बनने वाला ओवरपास 49 करोड़ की लागत से निर्मित होगा। इसकी लंबाई 146.56 मीटर और चौड़ाई 24 मीटर होगी। इसके साथ अप्रोच रोड की कुल लंबाई 689 मीटर रखी जाएगी। इसी तरह बंगाली चौक पर बनने वाले फ्लाईओवर की लागत 23.89 करोड़ रुपए होगी, जिसकी लंबाई 120.5 मीटर और चौड़ाई 24 मीटर होगी। दोनों फ्लाईओवर 6-लेन के होंगे, जिससे यातायात का दबाव कम होगा।
इन परियोजनाओं के पूरा होने से ब्लैक स्पॉट की समस्या भी खत्म होगी। बंगाली चौक को पहले ब्लैक स्पॉट घोषित किया गया था, जहां अक्सर सड़क हादसे होते थे। फ्लाईओवर बनने से दुर्घटनाओं की संख्या घटेगी और यातायात व्यवस्था में सुधार होगा।
यह केवल निर्माण कार्य नहीं है, बल्कि यह क्षेत्र की वर्षों पुरानी समस्याओं के समाधान का माध्यम है। सरकार का लक्ष्य रायपुर पश्चिम को विकास और सुविधा के नए आयाम देने का है।



