छत्तीसगढ़ विधानसभा में आज सियासी घमासान तय, धर्म स्वतंत्रता विधेयक समेत कई अहम बिल होंगे पास

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा का बजट सत्र आज एक बार फिर गर्म रहने वाला है। सत्र के 14वें दिन सदन में कई अहम मुद्दों पर चर्चा के साथ-साथ बड़े विधेयकों को पारित करने की तैयारी है। खास तौर पर आज धर्म स्वतंत्रता से जुड़ा विधेयक पेश किया जाएगा, जिसे लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है।

गृह मंत्री विजय शर्मा इस विधेयक को सदन में पेश करेंगे और संभावना है कि आज ही इसे पारित भी कराया जा सकता है। इसको लेकर पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस देखने को मिल सकती है।

प्रश्नकाल के दौरान भी आज का दिन काफी अहम रहने वाला है। मंत्री विजय शर्मा और श्याम बिहारी जायसवाल सदन में उठने वाले सवालों के जवाब देंगे। इस दौरान आयुष्मान योजना, सड़क सुरक्षा फंड और पुलिस इन्फ्रास्ट्रक्चर जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे चर्चा के केंद्र में रहेंगे।

वहीं, ध्यानाकर्षण के जरिए भी कई जनहित से जुड़े विषयों को उठाया जाएगा। इसके अलावा छत्तीसगढ़ नगर एवं ग्राम निवेश (संशोधन) विधेयक और गृह निर्माण मंडल (संशोधन) विधेयक पर भी चर्चा होगी और इन्हें पारित किए जाने की संभावना है।

विधायक सुशांत शुक्ला के एक महत्वपूर्ण तारांकित प्रश्न पर आधे घंटे की विशेष चर्चा तय की गई है, जिसका जवाब खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मंत्री देंगे।

कुल मिलाकर आज का दिन विधानसभा में बेहद अहम और हलचल भरा रहने वाला है, जहां सरकार और विपक्ष के बीच जोरदार राजनीतिक टकराव देखने को मिल सकता है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment