हाल ही में जी5 पर रिलीज हुई वेब सीरीज ‘जानवर’ ने दर्शकों का ध्यान अपनी ओर खींचा है। थ्रिलर, सस्पेंस और जबरदस्त ट्विस्ट से भरी इस सीरीज ने सोशल मीडिया पर खूब चर्चा बटोरी है। खासकर ट्विटर पर दर्शकों ने अपने-अपने रिव्यू शेयर करते हुए इसे दमदार बताया है।
शुरुआत साधारण, अंत में बड़ा सरप्राइज
सीरीज की कहानी जब शुरू होती है तो यह एक सामान्य पुलिस ड्रामा लगती है, जहां एक मर्डर मिस्ट्री को सुलझाने की कोशिश की जा रही होती है। लेकिन धीरे-धीरे कहानी में ऐसे-ऐसे मोड़ आते हैं कि दर्शक दंग रह जाते हैं। दर्शकों का कहना है कि यह सीरीज अंत तक सोचने पर मजबूर करती है।
सोशल मीडिया पर क्या बोले दर्शक
एक यूजर ने लिखा, “‘जानवर’ शुरुआत में सीधी-सी कहानी लगती है, लेकिन क्लाइमैक्स एक गहरा संदेश छोड़ जाता है।”
एक अन्य यूजर ने कमेंट किया, “अपराध, जातिगत राजनीति और पौराणिक कथाओं का जिस तरह से मिश्रण किया गया है, वह वाकई शानदार है। हर ट्विस्ट दिल दहला देता है।”
भुवन अरोड़ा की एक्टिंग पर फिदा हुए दर्शक
सीरीज में पुलिस ऑफिसर हेमंत कुमार का किरदार निभा रहे अभिनेता भुवन अरोड़ा की एक्टिंग को दर्शकों ने खूब सराहा है। एक यूजर ने ट्वीट किया, “यह कोई साधारण थ्रिलर नहीं है। भुवन अरोड़ा ने किरदार को पूरी तरह से जीवंत कर दिया है। ट्विस्ट और क्लाइमैक्स दिमाग में छा गए हैं।”
हालांकि कुछ दर्शकों का मानना है कि सीरीज कुछ हिस्सों में थोड़ी कमजोर लगती है, लेकिन भुवन अरोड़ा ने इसे मजबूती दी है।
दमदार कलाकारों की मौजूदगी
भुवन अरोड़ा के साथ-साथ भगवान तिवारी और अतुल काले जैसे अनुभवी कलाकारों ने भी अपनी अदाकारी से सीरीज को और रोचक बनाया है। यही वजह है कि यह वेब सीरीज चर्चा का विषय बनी हुई है।







