पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने सिवनी, छिंदवाड़ा और सावनेर तक की 150 किलोमीटर लंबी सड़क को फोर लेन बनाने की घोषणा के लिए केंद्रीय भूतल परिवहन मंत्री नितिन गडकरी का आभार व्यक्त किया है। कमलनाथ ने कहा कि इस सड़क को फोर लेन कराने की तैयारी उन्होंने अपने मुख्यमंत्री कार्यकाल में वर्ष 2019 में ही कर ली थी।
उन्होंने याद दिलाया कि जब जबलपुर में सबसे बड़े फ्लाईओवर की योजना बनी थी, तब ही इस मार्ग को फोर लेन करने पर चर्चा हुई थी। गडकरी ने स्वयं स्वीकार किया था कि फ्लाईओवर के बदले वे प्रदेश को दोगुने बजट की परियोजना देंगे। उस समय कमलनाथ ने उनसे आग्रह किया था कि सिवनी-छिंदवाड़ा-सावनेर मार्ग को फोर लेन में बदला जाए।
छिंदवाड़ा और आसपास के लोगों की लंबे समय से यह मांग रही है क्योंकि नागपुर जाने के लिए यह मुख्य मार्ग है। इसके केवल दो लेन होने की वजह से यातायात में दिक्कतें आती हैं और लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ती है। अब फोर लेन बनने से न केवल यातायात सुगम होगा बल्कि क्षेत्र के विकास की संभावनाएं भी बढ़ेंगी।
कमलनाथ ने आशा जताई कि वादे के अनुसार छह महीने के भीतर सड़क निर्माण का कार्य प्रारंभ हो जाएगा और इसमें कोई देरी नहीं होगी। उन्होंने कहा कि छिंदवाड़ा का विकास उनकी हमेशा से प्राथमिकता रहा है और आगे भी वे जिले के हित में हर संभव प्रयास करते रहेंगे।



