सागर जिले के रहली थाना क्षेत्र अंतर्गत अनंतपुरा गांव के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें चार युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। मरने वालों में दो सगे भाई भी शामिल थे। चारों युवक भैंसों की तलाश करने के लिए घर से निकले थे और रास्ते में सड़क किनारे खड़ी बाइक के पास रुककर आपस में बातचीत कर रहे थे। उसी दौरान तेज रफ्तार से अनियंत्रित होकर आ रही एक निजी बस ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भयावह थी कि युवक दूर जाकर गिरे और मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, बस को जब्त किया और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतकों की पहचान शिवम रामचरन पाल (18), सत्याम रामचरन पाल (17), प्रशांत उर्फ प्राशू खुमान पाल (14) और उमेश चैतू पाल (16) के रूप में हुई। इन्हीं में से शिवम और सत्याम सगे भाई थे, जबकि प्रशांत अपने परिवार का इकलौता बेटा था।
घटना की जानकारी मिलते ही देवरी विधायक बृज बिहारी पटेरिया भी मौके पर पहुंचे और परिजनों से मिलकर सांत्वना दी। उन्होंने कहा कि एक ही परिवार के चार बच्चों की मौत अत्यंत हृदयविदारक है। उन्होंने पीड़ित परिवार को हर संभव मदद दिलाने और मुख्यमंत्री से आर्थिक सहायता की मांग करने की बात कही।



