CG News: पीएम जनमन योजना के तहत छत्तीसगढ़ को 100 पुलों के लिए 375.71 करोड़ रुपये की स्वीकृति

Madhya Bharat Desk
2 Min Read

छत्तीसगढ़ को केंद्र सरकार से बुनियादी ढांचे के विकास के लिए एक बड़ा सहयोग मिला है। केंद्रीय ग्रामीण विकास एवं कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने राज्य में 100 पुलों और अन्य संरचनात्मक परियोजनाओं के लिए 375.71 करोड़ रुपये की मंजूरी प्रदान की है।

नई दिल्ली में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा को स्वीकृति पत्र सौंपते हुए केंद्रीय मंत्री ने बताया कि यह राशि पीएम जनमन योजना बैच-II (2025-26) के अंतर्गत स्वीकृत की गई है। इस चरण के तहत राज्य में 6,569.56 मीटर लंबे 100 पुलों का निर्माण प्रस्तावित है। अब तक छत्तीसगढ़ को इस योजना के अंतर्गत 715 सड़क परियोजनाएं (2,449.108 किमी) और 100 पुलों की मंजूरी प्राप्त हो चुकी है।

इस कार्यक्रम में प्रमुख सचिव निहारिका बारीक सिंह, मनरेगा आयुक्त और प्रधानमंत्री आवास योजना के संचालक तारण प्रकाश सिन्हा समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि योजना का मूल उद्देश्य अत्यंत कमजोर जनजातीय समूहों (PVTG) को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि इन पुलों और सड़कों के निर्माण से इन क्षेत्रों की आर्थिक और सामाजिक स्थिति में सुधार आएगा और यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के विज़न को मजबूती देगा।

विजय शर्मा ने इस अवसर पर आश्वासन दिया कि राज्य सरकार निर्माण कार्यों को गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ पूरा करेगी। उन्होंने बैठक के दौरान प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना, पंचायत स्तर की व्यवस्थाओं और आगामी विकास रणनीतियों पर भी चर्चा की।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment