रायपुर। छत्तीसगढ़ की मूल निवासी वाची पारीक ने मिस यूनिवर्स इंडिया 2025 प्रतियोगिता में अपनी जगह पक्की कर ली है। फाइनल राउंड में पहुंचने के बाद वाची देशभर में प्रशंसा का केंद्र बनी हुई हैं। रायपुर के प्रतिष्ठित परिवार से संबंध रखने वाली वाची फिलहाल पुणे में निवासरत हैं और मॉडलिंग के क्षेत्र में सक्रिय हैं।
वाची पारीक, स्वर्गीय श्री अनिल पारीक व श्रीमती देवकन्या पारीक की पौत्री तथा श्री समीर व श्रीमती रेनू पारीक की पुत्री हैं। उनका चयन मिस यूनिवर्स इंडिया के टॉप फाइनलिस्ट में होना छत्तीसगढ़ के लिए गर्व की बात है।
इस प्रतिष्ठित पेजेंट की शुरुआत 18 जुलाई को इंदौर से हुई, जो अगले कुछ सप्ताहों में कानपुर, जयपुर और हैदराबाद जैसे शहरों में आयोजित किया जाएगा। एक महीने तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में देशभर से चुनिंदा प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं।
वाची का लक्ष्य सिर्फ ताज तक पहुंचना नहीं, बल्कि भारत की सांस्कृतिक और पारिवारिक गरिमा को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत करना भी है। उनके आत्मविश्वास, व्यक्तित्व और मेहनत ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया है।
छत्तीसगढ़ की इस प्रतिभाशाली प्रतिभागी को लेकर युवाओं में काफी उत्साह है। सोशल मीडिया पर उनकी यात्रा को लेकर व्यापक चर्चा हो रही है, और कई युवा उन्हें प्रेरणा मान रहे हैं।







