बेमेतरा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोमवार को बेमेतरा जिले के नगर पंचायत दाढ़ी में 102 करोड़ 67 लाख रुपये की लागत वाले विभिन्न विकास परियोजनाओं की सौगात दी। नवागढ़ विधानसभा क्षेत्र में आयोजित इस कार्यक्रम में उन्होंने 26 नई परियोजनाओं का भूमिपूजन और 22 पूर्ण कार्यों का लोकार्पण किया।
इन योजनाओं में ग्रामीण अधोसंरचना, जल संसाधन, शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और सार्वजनिक निर्माण से जुड़ी परियोजनाएं शामिल हैं। भूमिपूजन किए गए कार्यों की अनुमानित लागत 66.91 करोड़ रुपए है, जबकि 35.76 करोड़ की लागत से पूर्ण हुए विकास कार्यों का उद्घाटन किया गया। ये योजनाएं स्थानीय नागरिकों के जीवन स्तर को सुधारने और ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाएं सुदृढ़ करने के उद्देश्य से लाई गई हैं।
मुख्यमंत्री साय के साथ कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, खाद्य मंत्री व नवागढ़ विधायक दयालदास बघेल, बेमेतरा विधायक दीपेश साहू और साजा विधायक ईश्वर साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।
अपने संबोधन में सीएम साय ने कहा कि प्रदेश सरकार जनता से किए वादों को पूरा कर रही है। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ में 18 लाख प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत किए गए हैं, और महतारी वंदन योजना के अंतर्गत 70 लाख महिलाओं को प्रतिमाह 1000 रुपये की राशि दी जा रही है। इसके अलावा राज्य सरकार 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान की खरीदी कर रही है।
सीएम ने इस अवसर पर नगर पंचायत दाढ़ी में 1.25 करोड़ रुपये की लागत से कार्यालय भवन निर्माण और दाढ़ी क्षेत्र के 20 ग्राम पंचायतों में 5-5 लाख रुपये के सीसी रोड निर्माण की घोषणा भी की।
कार्यक्रम को विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, डिप्टी सीएम अरुण साव और खाद्य मंत्री दयालदास बघेल ने भी संबोधित किया।







