‘परिवार बचाने की कोशिश’: राहुल गांधी पर भाजपा का सीधा हमला

Madhya Bharat Desk
3 Min Read

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा मनी लॉन्ड्रिंग मामले में रॉबर्ट वाड्रा के खिलाफ चार्जशीट दाखिल किए जाने के बाद, कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर उनके बहनोई को राजनीतिक रूप से निशाना बनाने का आरोप लगाया। इसके जवाब में भाजपा ने राहुल गांधी को घेरते हुए कहा कि वह संवैधानिक पद का इस्तेमाल पारिवारिक अपराधों को ढकने में कर रहे हैं।

भाजपा प्रवक्ता डॉ. सुधांशु त्रिवेदी ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि राहुल गांधी विपक्ष के नेता होने की जिम्मेदारी भूलकर व्यक्तिगत रिश्तों के लिए संसद का मंच इस्तेमाल कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि रॉबर्ट वाड्रा की संपत्तियों की सुरक्षा को लेकर राहुल का रवैया दर्शाता है कि कांग्रेस का नेतृत्व अब परिवार तक सीमित रह गया है।

भाजपा का कहना है कि गांधी परिवार सत्ता और संपत्ति के मोह में देश की राजनीति को बंधक बना रहा है। त्रिवेदी ने यह भी सवाल उठाया कि राहुल गांधी का बयान व्यक्तिगत था या बतौर विपक्ष के नेता? उन्होंने यह भी जोड़ा कि खुद राहुल गांधी एक भ्रष्टाचार मामले में जमानत पर हैं।

विपक्षी गठबंधन में दरार और भ्रम की स्थिति

भाजपा ने विपक्षी INDIA गठबंधन को भी निशाने पर लेते हुए कहा कि वह अंदरूनी खींचतान से जूझ रहा है। आम आदमी पार्टी पहले ही गठबंधन से अलग हो चुकी है और सीपीआई (एम) ने भी राहुल के बयानों पर अप्रत्यक्ष हमला किया है। संसद के मानसून सत्र से पहले यह बिखराव गठबंधन के भविष्य पर सवाल खड़े करता है।

विदेश नीति को लेकर राहुल पर कटाक्ष

राहुल गांधी द्वारा भारत-चीन संबंधों पर की गई टिप्पणी को लेकर भी भाजपा ने पलटवार किया। त्रिवेदी ने कहा कि जो नेता सबसे अधिक विदेश यात्राएं करता है, वह विदेश नीति की बुनियादी समझ भी नहीं रखता। राहुल गांधी द्वारा विदेश मंत्री एस जयशंकर की चीन के राष्ट्रपति से भेंट पर की गई टिप्पणी को ‘सर्कस’ कहना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताया गया।

ईडी की कार्रवाई की प्रमुख बातें

प्रवर्तन निदेशालय ने 56 वर्षीय रॉबर्ट वाड्रा और उनकी कंपनियों के खिलाफ अभियोजन शिकायत दर्ज की है। इसके साथ ही ईडी ने राजस्थान, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, पंजाब और गुजरात में स्थित वाड्रा से जुड़ी 43 अचल संपत्तियां जब्त की हैं, जिनकी कीमत करीब 37.64 करोड़ रुपये आंकी गई है। ये संपत्तियां स्काई लाइट हॉस्पिटैलिटी प्राइवेट लिमिटेड समेत वाड्रा से जुड़ी संस्थाओं के नाम हैं।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment