इंस्टाग्राम पर 10 करोड़ के पार पहुंचे पीएम मोदी, दुनिया में सबसे ज्यादा फॉलो किए जाने वाले नेता बने

Madhya Bharat Desk
3 Min Read

भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया की दुनिया में एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम कर ली है। फोटो और वीडियो शेयरिंग प्लेटफॉर्म Instagram पर उनके फॉलोअर्स की संख्या 10 करोड़ (100 मिलियन) के पार पहुंच गई है। इस आंकड़े को छूने वाले वे दुनिया के पहले राजनीतिक नेता बन गए हैं।

प्रधानमंत्री मोदी ने साल 2014 में इंस्टाग्राम पर अपनी मौजूदगी दर्ज कराई थी। तब से लेकर अब तक उनकी लोकप्रियता लगातार बढ़ती गई। सोशल मीडिया पर उनकी सक्रियता, अलग-अलग कार्यक्रमों की झलक, विदेश यात्राओं की तस्वीरें, त्योहारों की शुभकामनाएं और जनभागीदारी से जुड़े पोस्ट लोगों को सीधे तौर पर उनसे जोड़ते हैं।

अगर वैश्विक नेताओं से तुलना करें तो यह आंकड़ा और भी चौंकाने वाला है। अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के इंस्टाग्राम पर लगभग 4.3 करोड़ फॉलोअर्स हैं। वहीं इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबावो सुबियांतो के करीब 1.5 करोड़, ब्राजील के राष्ट्रपति लूला दा सिल्वा के 1.4 करोड़, तुर्किये के राष्ट्रपति रेचेप तैयप एर्दोगान के 1.1 करोड़ और अर्जेंटीना के राष्ट्रपति जेवियर मिलेई के लगभग 64 लाख फॉलोअर्स हैं। इन सभी नेताओं के कुल फॉलोअर्स की संख्या भी प्रधानमंत्री मोदी के आंकड़े से कम है।

भारतीय राजनीति की बात करें तो यहां भी पीएम मोदी काफी आगे नजर आते हैं। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के लगभग 1.6 करोड़ और कांग्रेस नेता राहुल गांधी के करीब 1.2 करोड़ फॉलोअर्स हैं।

इसी बीच प्रधानमंत्री मोदी इस समय इज़राइल के दौरे पर हैं। उन्होंने वहां की संसद नेसेट को संबोधित किया और ऐसा करने वाले वे भारत के पहले प्रधानमंत्री बने। उनके भाषण के दौरान सभी सांसदों ने खड़े होकर उनका स्वागत किया। इज़राइल की संसद ने उन्हें “Speaker of the Knesset Medal” से सम्मानित किया। अपने संबोधन में पीएम मोदी ने भारत-इज़राइल संबंधों को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि दोनों देशों के रिश्ते हजारों साल पुराने हैं।

इज़राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने भी उन्हें “एशियाई शेर” कहकर संबोधित किया।

सोशल मीडिया के इस दौर में 10 करोड़ का आंकड़ा केवल एक संख्या नहीं, बल्कि वैश्विक स्तर पर बढ़ते प्रभाव और लोकप्रियता का प्रतीक माना जा रहा है।

Share on WhatsApp

Share This Article
Leave a Comment