कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला। मैसूर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए खरगे ने कहा कि पीएम मोदी 42 देशों की यात्रा कर चुके हैं, लेकिन मणिपुर की पीड़ा देखने नहीं पहुंचे। उन्होंने आरोप लगाया कि देश की जनता भाजपा और आरएसएस को संविधान से छेड़छाड़ की अनुमति कभी नहीं देगी।
खरगे ने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस कार्य करती है, जबकि मोदी की पार्टी सिर्फ भाषण देती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस विचारधारा और काम के बल पर आगे बढ़ती है, वहीं भाजपा प्रचार में व्यस्त रहती है।
रॉबर्ट वाड्रा पर ईडी की कार्रवाई को लेकर उन्होंने केंद्र सरकार पर सीधा वार किया। खरगे ने कहा कि गांधी परिवार को बदनाम करने के लिए ईडी का इस्तेमाल हो रहा है। वाड्रा के खिलाफ चार्जशीट और संपत्तियों की जब्ती सिर्फ राजनीतिक बदले की कार्रवाई है। उन्होंने कहा कि अदालतें न्याय देंगी और सच्चाई सामने आएगी।
“हम वाड्रा के अच्छे कार्यों का समर्थन करते हैं, उन्हें परेशान करना न्यायसंगत नहीं,” खरगे ने जोड़ा।
जब पत्रकारों ने भूमि जिहाद के समर्थन को लेकर सवाल किया, तो खरगे ने कहा, “मुझे नहीं पता भूमि जिहाद क्या होता है। यदि वे मेरे खिलाफ कुछ करना चाहते हैं तो मैं डरता नहीं, जवाब जरूर दूंगा।”
ईडी का मामला क्या है?
प्रवर्तन निदेशालय ने कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी के पति रॉबर्ट वाड्रा पर मानेसर-शिकोहपुर की ज़मीन के सौदे में मनी लॉन्ड्रिंग का आरोप लगाते हुए चार्जशीट दाखिल की है। वाड्रा की कंपनी स्काई लाइट हॉस्पिटैलिटी की 43 अचल संपत्तियों (मूल्य लगभग ₹37.64 करोड़) को अटैच किया गया है। आरोप है कि ज़मीन सौदे में नियमों की अनदेखी कर बेहद तेज़ी से ट्रांसफर की प्रक्रिया पूरी की गई, जो आमतौर पर तीन महीने में होती है।







